03 September 2024 10:54 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेरी युवाओं में सड़कों पर बर्थ-डे मनाने का चलन अब कहीं ना कहीं शहर की शांति में खलल पैदा करना शुरू कर चुका है। बीती रात नयाशहर थाना क्षेत्र के सोनगिरी कुंआ क्षेत्र में भी कुछ ऐसी ही घटना हुई, जिसके बाद कुछ अशांति का माहौल पैदा हो गया।
आरोप है कि यहां सड़क पर बर्थ-डे मना रहे कुछ युवकों ने राहगीरों के जबरदस्ती केक लगाई। इसी दौरान अपनी बहन के साथ उधर से गुजर रहे निशांत नाम के युवक के साथ भी बदसलूकी की। घटना के बाद मौके पर युवकों ने धरना लगाया। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई। मामले में नयाशहर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित पांच युवकों को गिरफ्तार किया। नियमानुसार आरोपी युवकों की जमानत भी हो चुकी है। आरोपियों की पहचान सोनगिरी कुंआ निवासी 25 वर्षीय मोईन खान उर्फ मोहन पुत्र मुख्तयार, चौखूंटी क्षेत्र, मेघवालों का मोहल्ला निवासी 37 वर्षीय इमरान उर्फ बीड़ी पुत्र अब्दुल, सब्जी मंडी के सामने, सर्वोदय बस्ती निवासी 28 वर्षीय अमजद खान पुत्र लाल खां, धोबीतलाई निवासी 27 वर्षीय यतींद्र गौड़ उर्फ नितिन पुत्र भानु के रूप में हुई है।
सीओ सिटी श्रवण दास संत ने बताया कि सोनगिरी निवासी मोईन खान का बर्थडे था।आरोपी युवक पहले शराब पीकर आए थे। बाद में मोईन खान के घर के पास की सड़क पर केक काटा। वहीं पर सारी बात बिगड़ी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मारपीट की बात से इन्कार किया है। उनके अनुसार राहगीरों को केवल केक लगाई और खिलाई थी। वहीं परिवादी का कहना है कि जबरदस्ती केक खिलाई। मारपीट की। बहन के साथ भी बदतमीजी की। पुलिस के अनुसार परिवादी ने दावा किया है उसके पास का वीडियो भी उपलब्ध है, हालांकि वीडियो अभी तक पेश नहीं किया गया है।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
18 October 2021 06:36 PM