02 September 2025 10:51 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कौन कहता है कि गुजरात में शराब नहीं मिलती। शराबबंदी के बावजूद गुजरात में धड़ल्ले से शराब बिक्री होती है। बीकानेर पुलिस ने पंजाब से गुजरात जा रही एक ट्रक अंग्रेजी शराब पकड़ी है। एसपी कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में डीएसटी व नापासर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। सूचना के आधार पर एएसपी सिटी सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में नापासर थानाधिकारी लक्ष्मण सुथार, साईबर के एएसआई दीपक यादव, एएसआई जगदीश कुमार मय टीम ने नाकाबंदी व पीछा कर शराब से भरे ट्रक को काबू किया। यह ट्रक भारतमाला रोड़ से गुजर रहा था।
आरोपी ट्रक ड्राईवर बाड़मेर निवासी मनोहर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं ट्रक में मिली 920 पेटी शराब व ट्रक जब्त किया गया है। यह अंग्रेजी शराब पंजाब निर्मित बताई जा रही है। यह पंजाब से वाया बीकानेर गुजरात ले जाई जा रही थी। पकड़ी गई शराब की कीमत 85 लाख रूपए बताई जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में राम कुमार भादू की मुख्य भूमिका रही। अब पुलिस ट्रक ड्राईवर से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि पंजाब में बनी शराब धड़ल्ले से गुजरात जाती है। गुजरात सरकार अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश ही नहीं लगा पा रही। दूसरी ओर भारतमाला रोड़ तस्करों के लिए एक अच्छा और सुरक्षित मार्ग बन चुका है।

RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
27 September 2021 02:24 PM