23 July 2021 06:50 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में तलाई व आगोर की भूमियों पर हो रहे कब्जों को रोकने के लिए सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट बीकानेर ने नयाशहर पुलिस को पाबंद किया है। मामला नयाशहर थाना क्षेत्र अंतर्गत उस्तां बारी के बाहर, हरोलाई हनुमान मंदिर के सामने स्थित आगोर की जमीन से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि यहां पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जे किए जा रहे हैं।
सुशील आचार्य आदि ने अधिवक्ता बृजेश मदान के जरिये न्यायालय में वाद व स्टे प्रार्थना पत्र पेश किया था। वाद में राजस्थान सरकार, बीकानेर पुलिस अधीक्षक व नयाशहर थानाधिकारी को पार्टी बनाया गया। जिस पर सुनवाई करते हुए पीठासीन अधिकारी अनुभव तिवाड़ी की अदालत ने नयाशहर थानाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे विवादित भूमि पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग करें। वहीं प्रार्थी द्वारा कब्जे होने की शिकायत मिलने पर विधि अनुसार कार्रवाई करें। अधिवक्ता मदान ने बताया कि आगोर की भूमि का संरक्षण होना चाहिए, मगर ऐतिहासिक महत्व की भूमि पर कब्जा माफिया नजर गढ़ाए बैठे हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ सालों पूर्व जोधपुर से आई निगरानी समिति द्वारा बीकानेर, गजनेर व कोलायत के 40 तालाबों के आगोर के रिकॉर्ड मांगे गए थे। मगर यह मामला हवा हो गया बताते हैं। एक सर्वे के मुताबिक बीकानेर में ही नयाशहर थाना क्षेत्र व गंगाशहर थाना क्षेत्र की तलाई व आगोर की भूमियों के रिकॉर्ड में गड़बड़ियां हुईं हैं। इन भूमियों पर कब्जे हो रखे हैं।
RELATED ARTICLES
29 October 2026 10:28 PM
26 December 2023 03:40 PM