24 January 2023 10:55 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। मजाक मजाक में एयर फोर्स की तैयारी कर रहे युवक की कनपटी पर गोली लग गई। मामला जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र के पटेल नगर का है। घायल की पहचान रामसर नापासर निवासी 18 वर्षीय प्रभु दयाल पुत्र गंगाराम बेनीवाल के रूप में हुई।
घायल के पर्चा बयान के अनुसार वह शिवबाड़ी में तेजस बॉयज हॉस्टल में रहकर एयर फोर्स की तैयारी कर रहा है। हाल ही में वह जयपुर एग्जाम देने गया था। बीती रात लौटा तो अपने दोस्त पवन कस्वां के पास पटेल नगर कमरे में चला गया। सुबह उठकर चाय आदि बनाई। यहां अन्य युवक भी तैयारी के लिए रुके थे। महेंद्र भादू, सूडसर निवासी मुकेश भादू व कुचौर निवासी धर्मपाल विश्नोई भी यहीं थे। धर्मपाल व महेंद्र चाय पीकर गांव चले गए। वहीं मुकेश भादू वहीं था। सुबह परिवादी का दोस्त शुभकरण भी मिलने आया। इस दौरान मुकेश ने पिस्टल उसकी तरफ कर ट्रिगर दबाए थे। उसने उसे टोकते हुए ऐसा करने से मना किया। बाद में उसने जाने के लिए बैग टांग लिया व खड़ा खड़ा खाना खा रहा था। इसी दौरान मुकेश ने प्रभु की तरफ पिस्टल की और ट्रिगर दबा दिया। गोली प्रभु के गर्दन पर कान के नीचे गोली लगी। वह नीचे गिर गया। मुकेश व शुभकरण उसे पीबीएम ट्रोमा सेंटर ले गए। प्रभु को भर्ती करवाकर मुकेश यहां से फरार हो गया।
जयनारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी महावीर प्रसाद विश्नोई के अनुसार आरोपी मुकेश के खिलाफ धारा 307 आईपीसी व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। प्रथमदृष्टया लग रहा है कि गोली मजाक मजाक में चल गई। मुकेश पिस्टल कहां से लाया यह उसके पकड़े जाने पर ही पता चलेगा। सभी युवक किसी ना किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं प्रभु अब खतरे से बाहर है। गोली अभी उसकी गर्दन के अंदर है। चिकित्सकों के अनुसार बाद में ऑपरेशन कर गोली निकाली जाएगी।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
27 January 2025 03:30 PM