04 September 2020 08:19 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। खाजूवाला में चोरी करना चार चोरों को मंहगा पड़ गया। 12 मई की रात इन चोरों ने खाजूवाला की सबसे बड़ी मोबाइल की दुकान राजस्थान मोबाइल्स में हाथ साफ किया। दुकान मालिक सुभान खां ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसकी दुकान से चालीस-पचास मंहगे मोबाइल, एसेसरीज व 2500 रूपए नकद गायब हैं। जिसकी जांच आरपीएस देवानंद व थानाधिकारी रमेश सर्वटा के निर्देशन में एचसी धर्माराम 124 ने शुरू की। करीब तीन माह की तफ्तीश के बाद आखिर चोरों के सुराग पुलिस के हाथ लग गये। मुखबिर से मिली सूचना पर चार संदिग्धों को पुलिस ने राउंड अप कर पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में चोरों ने सारा जहर उगल दिया। आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय सतनाम सिंह उर्फ सत्तु पुत्र गुरमीत रायसिख निवासी रावला मंडी श्रीगंगानगर, 20 वर्षीय सुनील कुमार उर्फ शीलू पुत्र साहबराम नायक निवासी चक 17 बीडी खाजूवाला, 19 वर्षीय राजेंद्र सिंह उर्फ छांगु पुत्र गजन सिंह रायसिख निवासी 17 केवाईडी खाजूवाला व 21 वर्षीय राजेंद्र सिंह उर्फ ज्ञानी पुत्र हरवंश सिंह रायसिख निवासी 19 बीडी खाजूवाला के रूप में हुई है। आरोपियों ने मोबाइल की दुकान से चोरी स्वीकार कर ली है। पुलिस के डंडे के खौफ से आरोपियों ने अन्य कई वारदातें भी उगल दी है। आरोपियों द्वारा मई 2019 में चक 17 केवाईडी के दीपक पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई की दुकान गुरु मिष्ठान भंडार से एक एलसीडी, एक डीटीएच, 210000 रूपए नकद, पचास किलो मिठाई व अन्य सामान चोरी किया गया। आरोपियों से दो मोटरसाइकिल बरामद हुई है। इनमें से एक रावला व दूसरी अनूपगढ़ से चोरी की गई थी। इसके अलावा भी आरोपियों ने रावला में दो व अनूपगढ़ में तीन चोरियां कबूली है। इस एक ही मुकदमें ने कुल सात चोरियों का खुलासा कर दिया। थानाधिकारी रमेश सर्वटा ने बताया कि अभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनसे और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है। वहीं बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि खाजूवाला पुलिस की इस सफलता से बीकानेर व श्रीगंगानगर के कई मामले सुलझ जाएंगे।

RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
01 February 2026 10:16 PM