04 June 2021 06:48 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। जलदाय विभाग का चौंकाने वाला कारनामा सामने आया है। विभाग की इसी असंवेदनशीलता की वजह से पिछले एक साल से 5 मकान पानी को तरस रहे हैं। जहां जल हर नागरिक का मूलभूत अधिकार है, वहीं जयपुर रोड़, राजनगर सेक्टर एफ के इन घरों को अब तक पाइप लाइन ही नहीं मिली है। यहां के निवासी ऋषिराज सिंह शेखावत का कहना है कि उन्होंने व समस्त मोहल्ले वासियों ने 4 जून 2020 को मुख्य अभियंता दीपक बंसल को ज्ञापन भी दिया था। एक वर्ष पूर्ण हो गए मगर अब तक पाइप लाइन नहीं डाली गई है। शेखावत का आरोप है कि इस एक साल में विभाग को लिखित व मौखिक रूप से बहुत पर आग्रह किया जा चुका है। अब फिर मुख्य अभियंता दीपक बंसल को ज्ञापन दिया गया है। बंसल ने चार दिनों में पाइप लाइन डालने का आश्वासन दिया है।
शेखावत के अनुसार उनकी गली के अलावा पूरे राजनगर में पाइप लाइन डली हुई है। पिछले एक वर्ष से उन्हें लंबी दूरी से घरेलू पाइप के माध्यम से पानी का जुगाड़ करना पड़ रहा है। नहरबंदी के दौरान हाल बेहाल हुए, तो टैंकर मंगवाने पड़े।
सवाल यह है कि जलदाय विभाग इस तरह की लापरवाही कर कैसे सकता है। जहां पानी के बिना इंसान एक दिन नहीं रह सकता, 5 घरों वाली इस गली को एक साल से अधिक समय तक जुगाड़ से प्यास बुझानी पड़ती है। जबकि खुद मंत्री डॉ बीडी कल्ला बीकानेर के मूल निवासी हैं।
राजनगर कार्य समिति द्वारा दिए ज्ञापन के दौरान ऋषिराज सिंह के साथ भानु प्रताप सिंह, नवीन रांगी, संदीप पूनिया, चंद्रजीत सिंह, सत्येन्द्र सिंह, मोहित बापेऊ, रविन्द्र सिंह, देवेंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह व गजानंद ओझा शामिल थे।

RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
26 April 2022 02:50 PM