21 June 2020 06:30 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। सूर्यग्रहण की वजह से आज हरा चारा भरपूर बिका। जगह जगह लोगों ने गायों के लिए आम दिनों से कई गुना अधिक हरे चारे की व्यवस्था की। ऐसी मान्यता है कि अमावस और खासकर सूर्य ग्रहण पर दान-पुण्य करने से अत्यधिक पुण्य मिलता है। ऐसे में लोग गायों को हरा चारा डालकर पुण्य कमाते हैं। लेकिन इसी बीच गायों के निमित्त डाले गए चारे में भी बड़ा घपला होता है। आज ख़बरमंडी न्यूज़ के पत्रकार ने गंगाशहर की नोखा रोड़ पर खुलेआम यह घपला देखा। यहां पर लोगों द्वारा गायों के निमित्त डाले गए चारे को वापिस कट्टे में भरा जा रहा था। पत्रकार ने तुरंत बाइक रोककर युवक से बात की। कुछ देर की आनाकानी के बाद जब घपलेबाज को पता चला कि सवाल करने वाला पत्रकार है तब वह उसके समक्ष ही चारा दूसरी ओर बैठी गायों को डालकर आने की बात कहने लगा। युवक द्वारा गलती मानने की वजह से ख़बरमंडी न्यूज़ उसकी पहचान उजागर नहीं कर रही है। लेकिन दानदाताओं के लिए यह बड़ा सबक है। बता दें कि अधिकतर लोग एक ही जगह पर चारा डालते हैं। चारा इतना अधिक हो जाता है कि गायें खा ही नहीं पाती। वहीं दूसरी ओर ऐसी गायें भी है जिन्हें चारा मिल ही नहीं पता। ऐसे में जागरुक रहते हुए चारा डालना जरूरी हो जाता है।
RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
22 February 2021 10:14 PM