28 February 2022 11:15 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर नगर निगम के डंपर से डीजल चोरी होने की बात सामने आ रही है। चोरी करने का आरोप किसी दूसरे पर नहीं बल्कि डंपर चालक व उसके सहयोगी पर ही है। दरअसल, शनिवार शाम पंचशती सर्किल के पीछे स्थित पार्क के पास की सुनसान जगह पर नगर निगम का एक डंपर खड़ा था। डंपर का चालक अपनी सीट पर था। वहीं सहयोगी टैंक से डीजल निकालकर एक पांच लीटर के गैलन में भर रहा था। ख़बरमंडी न्यूज़ के एक जागरुक पाठक ने इस घटना की तस्वीरें खींच ली।
पाठक ने बताया कि वह युवक डीजल भरा गैलन लेकर वापिस डंपर के चालक के पास वाली सीट पर बैठ गया। चोरी की आशंका होने पर फोटो ख़बरमंडी न्यूज़ को भेजी गई। हमने महापौर के पीए अनंत पारीक से बात की तो पता चला कि जिस डंपर नंबर आरजे 07 जीडी 5278 से डीजल निकाला जा रहा था, वह ठेकेदार का है। दरअसल, निगम ने करीब डेढ़ सौ डंपर गुजरात के एक ठेकेदार को दे रखे हैं। ठेकेदार के माध्यम से ही संग्रहित कचरा डंपिंग यार्ड तक पहुंचाने का कार्य होता है। निगम द्वारा ठेकेदार को 1017 रूपए टन के हिसाब से भुगतान किया जाता है। हालांकि चार डंपर निगम ने अपने पास भी रखे हैं मगर यह डंपर निगम के पास नहीं बल्कि ठेकेदार के पास है।
निगम को भी इस तरह से वाहनों से डीजल चोरी होने की आशंका है।
सीधे तौर पर भले ही इस चोरी से निगम को घाटा ना हो मगर कहीं ना कहीं अप्रत्यक्ष घाटा तो होगा। अगर ठेकेदार का डीजल भी चोरी होगा तो उसकी लागत बढ़ेगी। इस तरह से वह निर्बाध कार्य नहीं कर पाएगा। भविष्य में परेशानियां खड़ी हो सकती है। वहीं लागत बढ़ने से भविष्य में प्रति टन भुगतान में भी इजाफा किया जा सकता है। गड़बड़ियों को रोकने के लिए जरूरी है कि ठेकेदार व निगम डीजल चोरी की जांच करवाएं। उल्लेखनीय है कि चोरी व रिश्वतखोरी से आमजन पर ही बोझ बढ़ता है। देखें फोटो

RELATED ARTICLES
18 October 2026 09:12 PM
11 March 2020 11:58 AM