17 September 2020 02:15 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। गंगाशहर के कॉलोनी मालिकों द्वारा एक ही जमीन को दो बार बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में बीछवाल थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। दरअसल, तेलीवाड़ा निवासी मुमताज अली ने सुजानदेसर क्षेत्र की कादरी कॉलोनी में वर्ष 2005 में दो प्लॉट खरीदे थे। यह कॉलोनी किसमीदेसर निवासी कालूराम माली व सत्यनारायण माली ने अपनी खातेदारी ज़मीन पर काटी थी। परिवादी के अधिवक्ता वसीम मकसूद के अनुसार कालूराम व सत्यनारायण ने इस कॉलोनी के प्लॉट नंबर 3 व 4 मुमताज अली को बेचे। 25/45 के इन प्लॉट पर चालीस हजार प्रति प्लॉट का भुगतान कालूराम व सत्यनारायण को किया गया।
यह सारी प्रक्रिया इकरारनामे के तहत की गई तथा विक्रेताओं ने दोनों भूखंडों की रजिस्ट्री मुमताज के नाम करवाके कब्जा भी दे दिया। लेकिन 2019 में जब परिवादी अपने भूखंडों पर मकान बनाने लगा तो कालूराम व सत्यनारायण तीन अन्य जनों के साथ मौके पर आए और हंगामा करने लगे। आरोप है कि कॉलोनी मालिकों ने अन्य तीन जनों को यह भूखंड दोबारा बेचने का दावा किया। इन अन्य तीन व्यक्तियों की पहचान अजमल हुसैन, मोहम्मद अनवर व मोहम्मद इकबाल के रूप में बताई गई। आरोप है कि भूखंडों की वर्तमान कीमत करीब 15-15 लाख हो गई है। 40 हजार के प्लॉट की कीमत इतनी अधिक होने से कॉलोनी मालिक की नीयत खराब हुई और उसने तीन अन्य को यह प्लॉट बेच डाले। बताया जा रहा है कि कॉलोनी मालिक व विक्रय हुआ प्लॉट दुबारा खरीदने के आरोपी भूमाफिया है। बीछवाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 व 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
21 January 2024 07:01 PM