19 February 2024 11:33 PM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। झपटमारों की वजह से दहशत में आए शहर को गंगाशहर पुलिस ने राहत पहुंचाने वाला काम किया है। रविवार शाम एक के बाद एक स्नेचिंग की वारदातें करने वाले तीनों बदमाशों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही धर दबोचा है। आरोपियों की पहचान चूना भट्टे के पास, चौखूंटी निवासी 20 वर्षीय माजिद पुत्र निसार मोहम्मद, बलरामपुर उत्तरप्रदेश हाल चौखूंटी फाटक रेल्वे लाईन निवासी 19 वर्षीय सलमान पुत्र रफीक व मेघवालों का मोहल्ला, कोटगेट थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय आजाद पुत्र कायम फ़क़ीर के रूप में हुई।

ये थी वारदातें: बदमाशों ने पहली वारदात रविवार शाम साढ़े चार बजे कुम्हारों की मोड़ गंगाशहर में की। यहां चोपड़ा बाड़ी निवासी प्रिया सोनावत पुत्री ओमप्रकाश के गले से सोने की चेन झपट ली। वह अपने भाई गौरव के साथ बाइक पर स्टेशन से घर लौट रही थी। तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने चलती बाइक से ही वारदात कर डाली।
दूसरी वारदात 15 मिनट बाद गत्ता फैक्ट्री के पास, चौधरी कॉलोनी में की गई। यहां सागरमल पुत्र कालूराम गोदारा अपनी माता के साथ घर के सामने रोड़ किनारे चल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने परिवादी की माता के कान का फुलड़ा झपट लिया। आरोपी नकाबपोश थे।
ऐसे आए पकड़ में- 15 मिनट के अंतराल में हुई वारदातों से पुलिस हरकत में आई। एसपी तेजस्वनी गौतम के आदेशों पर एएसपी सिटी दीपक शर्मा के निर्देशन, सीओ कुमार सोनी के सुपरविजन व थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के नेतृत्व में एएसआई लाभूराम व एएसआई अरुण मिश्रा मय टीमों ने चोरों की तलाश शुरू की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने पहली वारदात करने के लिए गोगागेट से ही मोटरसाइकिल सवार भाई बहन का पीछा शुरू किया था। यहीं से सीसीटीवी फुटेज मिले। सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस ने कैमरे खंगालने शुरू किए। तो पता चला कि आरोपी कुम्हारों की मोड़ से चौधरी कॉलोनी गए, वहां से पांच नंबर रोड़ होते हुए नागणेची मंदिर के आगे से व्यास कॉलोनी और वहां से आगे घर की तरफ गए। आरोपियों ने नागणेची मंदिर के आगे नकाब उतार दिए थे। दूसरी तरफ पुलिस को चोरों की बाइक के आगे और पीछे की नंबर प्लेट के फुटेज भी मिल गए। पीछे की नंबर प्लेट तो फर्जी थी मगर आगे की नंबर प्लेट सही निकली। यह बाइक आरोपी सलमान की माता के नाम से थी। पुलिस ने सलमान को दबोचा। उसने पूछताछ में अन्य दोनों के नाम भी बता दिए। पुलिस ने सोमवार शाम तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से सोने की चेन व फुलड़ा बरामद होने की पूरी संभावना बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार दो आरोपी वेटरनरी में चल रही कंस्ट्रक्शन साइट में काम लगे हुए थे। एक के पिता नहीं हैं। बता दें कि पिछले तीन चार दिनों में शहर में झपटमारों ने वारदातें की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अब तक की जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी नये नये झपटमार ही हैं।
उल्लेखनीय है कि तीनों आरोपियों का पता लगाने व उन्हें दबोचने में कांस्टेबल मुखराम 1149 व कांस्टेबल महेंद्र 995 की विशेष मेहनत रही। वहीं टीम में कांस्टेबल महेंद्र 2002, कांस्टेबल सीताराम 1292 व कांस्टेबल रघुवीर 934 ने आदि शामिल रहे।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
27 September 2020 08:56 PM