18 October 2020 07:41 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। पिछले कई दिनों से कोरोना जांच के नियमों में बदलाव हुए हैं। इन बदलावों के साथ साथ सोशल मीडिया पर भ्रामक बातें भी फ़ैल रही है। जिसमें सबसे बड़ी अफवाह यह है कि कोरोना जांच बंद कर दी गई है। लेकिन हकीकत इसके उलट है। विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 29 सितंबर से 16 अक्टूबर तक पूरे राजस्थान में 387325 लोगों की कोरोना जांच हुई। जिसमें सबसे अधिक सैंपलिंग जयपुर से हुई। जयपुर में इस दौरान 75108 लोगों की कोरोना जांच हुई। वहीं जांच के मामले में दूसरे नंबर पर जोधपुर है। जोधपुर में इस दौरान 38906 लोगों की जांच हुई। वहीं कोरोना जांच के मामले में बीकानेर पूरे राज्य में तीसरे नंबर पर है। बीकानेर में 29 सितंबर से 16 अक्टूबर तक 26351 लोगों की कोरोना जांच हुईं। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में जांचें सरकार की एस ओ पी के अनुरूप की जा रही है। सैंपलिंग के तरीकों में परिवर्तन के बाद अब कैंसर, श्वास, ह्रदय, किडनी आदि से संबंधित गंभीर रोगों से ग्रसित हाईरिस्क मरीजों सहित गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों व सर्दी खांसी जुकाम बुखार पीड़ितों की कोरोना जांच की जाने लगी है।

वहीं जिनके कोई लक्षण ही नहीं उनकी जांच फिलहाल नहीं की जा रही है। बता दें कि सर्दी खांसी जुकाम बुखार होने पर सरकारी अथवा निजी अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा जांच लिखने पर ही जांच की जा रही है। इससे आमजन को बेवजह होने वाली परेशानी से राहत मिल रही है तो वहीं जिनको कोरोना जांच की जरूरत है, वहां तक स्वास्थ्य विभाग पहुंच पा रहा है। बता दें कि सभी सीएचसी, पीएचसी सहित शहरी क्षेत्र के सभी सरकारी चिकित्सालयों में कोरोना जांच की जा रही है। डॉक्टर की पर्ची लेकर पहुंचने पर कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया जा रहा है। अगर डॉक्टर की पर्ची होने के बावजूद आपकी कोरोना जांच ना हो तो आप ख़बरमंडी न्यूज़ को इस नंबर (9549987499) पर सूचित करें।
RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
21 February 2021 10:19 PM