26 December 2020 11:37 PM

-रोशन बाफना
ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। पीबीएम में भर्ती मरीजों को मुफ्त की जांचों से वंचित रख लूटमार करने वाली गैंग पर एक बड़ी ख़बर सामने आई है। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि कुछ सरकारी कर्मचारियों के खुद के लैब्स भी है। ये कर्मचारी नर्सिंग स्टाफ व डॉक्टरों में से ही हैं। हाल ही में ख़बरमंडी न्यूज़ ने ऑपरेशन लूटमार गैंग के तहत सर्जरी विभाग का काला सच उजागर किया था। जिसके तहत सामने आया कि इस विभाग के चार वार्डों में भर्ती मरीजों को इस गैंग के लपके लपक लेते हैं। भले ही मरीजों को ना पता हो कि पीबीएम अस्पताल में सभी तरह की जांचें मुफ्त में होती है, लेकिन विभाग के डॉक्टरों व स्टाफ को सबकुछ मालूम होते हुए भी उनके वार्ड में 24 घंटे लूटमार का खेल चलता है।
सर्जरी विभाग के एक मरीज को 7500 रूपए का फटका लगाया गया है। श्रीगंगानगर लैब से करवाई गई ये सभी जांचें पीबीएम में मुफ्त में होती हैं। अब इसी मामले में चौंकाने वाला सच सामने आया है। बताया जा रहा है कि श्रीगंगानगर लैब यहीं के एक नर्सिंग स्टाफ का है। ये नर्सिंग कर्मचारी सरकारी तनख्वाह लेते हुए भी न सिर्फ प्राइवेट लैब चला रहा है बल्कि पीबीएम अस्पताल में भर्ती मरीजों की जांचें लैब तक पहुंचाने की सैटिंग-फिटिंग भी कर रहा है। बताया जा रहा है कि सर्जरी विभाग की अधिकतर जांचें इसी लैब को जाती है। हालांकि इस पर भी एक और अंदरूनी बात सामने आई है, जिसके सबूतों का ख़बरमंडी न्यूज़ को इंतज़ार है। वहीं नर्सिंगकर्मी के इस लैब का मालिक होने के सबूत ख़बरमंडी न्यूज़ के पास आ चुके हैं।
चिकित्सा की मजबूरी की आड़ में गरीबों से लूटमार का यह खेल जितना शर्मनाक है, उतना ही शर्मनाक मंजर इन लूटमार गैंगों के समर्थकों का है।
लेकिन पैसे के लालच में पीबीएम से जुड़े कुछ लोग लूटमार की इंतेहा कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि पीबीएम के बड़े पदों पर बैठे डॉक्टरों को भी लूटमार के इस खेल की जानकारी है, लेकिन खुद की रग दबी होने के कारण दूसरों के सच पर पर्दा डाला जाता है।
ख़बरमंडी न्यूज़ का ऑपरेशन लूटमार गैंग जारी है। आप भी जागरुक बनें। बता दें कि पीबीएम में सभी जांचें मुफ्त में व अच्छी गुणवत्ता में होती है। ऐसे में बाहरी लैबों से पैसा खर्च करके जांच न करवाएं। अगर आपके साथ भी किसी वार्ड में इस तरह की लूटमार होती है तो ख़बरमंडी न्यूज़ को इस नंबर पर बताएं।
ऑफिस: 9549987499
रोशन बाफना (पोर्टल हैड): 7014330731
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
02 March 2020 10:37 PM