10 April 2026 11:53 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर अनाज मंडी में हुई लाखों की लूट के मामले में परिवादी ही लूट का मास्टरमाइंड निकला। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में बीछवाल थानाधिकारी प्रशिक्षु आरपीएस गौरव सारस्वत ने वारदात के महज 8-9 घंटों के अंदर ही वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। ख़बरमंडी न्यूज़ ने अपनी ख़बर में पहले ही दूलाराम के वारदात में शामिल होने की ओर इशारा किया था। अब मामले में परिवादी दूलाराम व उसके दोस्त किशोर जाट को धरदबोचा है। श्रीबालाजी, नागौर थानाक्षेत्र निवासी 30 वर्षीय दूलाराम जाट मंडी में कच्ची आढ़त की फर्म बृजमोहन बृजवल्लभ का मुनीम है। दूलाराम के पिता व दादा भी इसी फर्म में काम करते थे। ऐसे में सेठ के लिए दूलाराम काफी विश्वनीय था।
शुक्रवार सुबह 11:30 बजे आरोपी दूलाराम मंडी में ही स्थित एसबीआई बैंक से साढ़े चार लाख रुपए निकालकर लाया। आते वक्त मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने उससे पैसे लूट लिए।
लूट की रची थी साजिश: आरपीएस गौरव सारस्वत ने बताया कि दूलाराम ने ही लूट की साज़िश रची थी। सबकुछ पहले से ही था। दूलाराम व किशोर जाट एक ही गांव से हैं तथा दोस्त हैं। आरोपी दूलाराम ने किशोर के साथ मिलकर साजिश रची। इसी के तहत किशोर ने दूलाराम से पैसे लूटने का नाटक किया।
-हावभाव से घूमी शक की सुई और फिर कबूल किया जुर्म: वारदात के बाद किशोर मौके से फरार हो गया मगर दूलाराम मंडी ही था। वह पुलिस को बयान भी दे रहा था। पुलिस को पूछताछ के दौरान दूलाराम के हावभाव देखकर शक हुआ। इस पर उसे पुलिस स्टेशन लगाकर कड़ी पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने किशोर को भी धर दबोचा। ख़बर लिखे जाने तक लूट की राशि बरामद नहीं हुई थी। हालांकि पुलिस के अनुसार लूट की राशि पुलिस की पकड़ में ही है, बस बरामदगी बाकी है।
-लालच या मजबूरी, क्यों तोड़ा भरोसा:- आरोपी दूलाराम की आख़िर ऐसी क्या मजबूरी हुई कि उसने लूट की साज़िश रची, यह अभी तक पता नहीं चल पाया है। दूलाराम का परिवार फर्म का काफी भरोसेमंद परिवार रहा है। लूट का कारण जुआ-सट्टा, नशा या लालच हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
05 November 2024 07:17 PM