22 May 2021 11:02 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। पार्षद पति से बदतमीजी करना नगर निगम के एक ठेकेदार को भारी पड़ गया है। निगम आयुक्त ए एच गौरी ने ठेकेदार को 'कारण बताओ' नोटिस थमा दिया है। मामला कांग्रेसी पार्षद चेतना डोटासरा के पति सुरेंद्र डोटासरा से जुड़ा है। शनिवार सुबह नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी ने वार्ड नंबर 17 की सफाई हेतु जेसीबी मशीन भेजी थी। आरोप है कि 11 बजे जेसीबी चालक ने कहा कि उसकी समयावधि खत्म हो गई है, इसलिए वह इतना ही काम करेगा। इस पर सुरेंद्र डोटासरा ने स्वास्थ्य अधिकारी ओम प्रकाश से पूछा तो बताया गया कि भेजी गई जेसीबी की ड्यूटी एक बजे तक की है। चालक नहीं माना और अपने ठेकेदार से फोन पर बात करवाई। आरोप है कि ठेकेदार ने पहले फोन पर तथा बाद में मौके पर आकर पार्षद पति से अभद्र भाषा में बात की।
मौके पर पार्षद मनोज विश्नोई, पार्षद महेंद्र बड़गुर्जर सहित वार्ड वासी भी मौजूद थे। घटना पर पार्षदों में रोष व्याप्त हो गया। महापौर व आयुक्त को शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायत व स्वास्थ्य अधिकारी के बयान पर आयुक्त ने भगवती रिफिलर सर्विसेज के श्यामलाल शर्मा को कारण बताओ नोटिस दिया है। इस ठेकेदार के खिलाफ आयुक्त को पहले भी शिकायतें मिली हैं।
डोटासरा का दावा है कि निगम के बीजेपी-कांग्रेस व निर्दलीय आदि सभी 80 पार्षद महापौर को आरोपी ठेकेदार के खिलाफ ज्ञापन देंगे।

RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
18 January 2022 06:21 PM