31 March 2023 07:34 PM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। दो दिन पहले पकड़े गए 20 लाख 8 हजार के नकली नोट प्रकरण में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान वार्ड नंबर 21, बामनवाली, लूणकरणसर निवासी प्रदीप सारस्वत पुत्र राधाकिशन सारस्वत, वार्ड नंबर 21, चौधरी कॉलोनी, लूणकरणसर निवासी संदीप कुमार उर्फ सोनू पुत्र बाबूलाल शर्मा, जैसा, लूणकरणसर निवासी 20 वर्षीय रामनिवास पुत्र बलराम जाट व वार्ड नंबर 13, गर्ल्स स्कूल के पास, कालू निवासी 19 वर्षीय राहुल सारस्वत पुत्र कमल किशोर के रूप में हुई है।
मामले की जांच कर रहे सीओ सिटी आरपीएस दीपचंद सहारण ने बताया कि 27 मार्च को लूणकरणसर सीओ नोपाराम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूणकरणसर के वार्ड नंबर 34 निवासी साहिल पुत्र लियाकत अली के पास लाखों के नकली नोट हैं। यह राशि दिल्ली में हवाला की जाएगी। इस पर सीओ मय टीम ने साहिल के घर दबिश दी। मौके से 20 लाख 8 हजार रुपए के नकली नोट मिले। पुलिस ने नोट जब्त करते हुए साहिल को गिरफ्तार किया। नकली करेंसी प्रकरण के नोडल थाने कोटगेट में मुकदमा दर्ज करवाते हुए जांच सीओ सिटी दीपचंद को दी गई।
बता दें कि दीपचंद सहारण ने करीब दो दिन जांच करते हुए आरोपी साहिल से पूछताछ की। पूछताछ के बाद चार और युवकों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि साहिल ने इन चारों से नकली नोट लिए थे। पुलिस अब साहिल व अन्य चारों को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी।
उल्लेखनीय है कि बीकानेर शहर सहित लूणकरणसर, नोखा व श्रीडूंगरगढ़ हवाला कारोबार का गढ़ है। यहां से पूरे देश में हवाला होता है। इन पांचों आरोपियों से नकली नोट गिरोह सहित हवाला एजेंट भी पकड़ में आ सकते हैं।
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली दीप चंद सहारण मय टीम में कोटगेट थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण, एएसआई बीरबल, हैड कांस्टेबल 82 विनोद कुमार, प्रवीण 138, सुनील यादव 182, कांस्टेबल कपिल 525, सचित्र वीर 1326 व नरेश कुमार 1290 शामिल थे।
RELATED ARTICLES
27 October 2026 02:41 PM
16 April 2020 02:53 PM