13 June 2021 02:18 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। अन्तर्जातीय प्रेमी युगल ने एक साथ आत्महत्या कर ली। मामला बीकानेर के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सादोलाई गांव का है। सादोलाई निवासी 23 वर्षीय प्रभु सिंह पुत्र मुन्ने सिंह राजपूत व 18 वर्षीय चंपा पुत्री जेठाराम मेघवाल ने बीती रात इस घटना को अंजाम दिया। थानाधिकारी रतनलाल से मिली जानकारी के अनुसार प्रभु व चंपा एक दूसरे से प्रेम करते थे। बीती रात दोनों अपने अपने घरों से अकेले निकले। गांव से एक किलोमीटर दूर स्थित प्रभु के खेत में गए। वहां स्थित खेजड़ी के पेड़ से रस्सी का फंदा लटकाया और एक साथ फांसी झूल गए। सुबह जब दोनों ही अपने अपने घर में नहीं मिले तो घरवालों ने तलाश शुरू की। लड़की के घरवालों ने उसके पदचिन्हों का पीछा किया। गांव से बाहर निकलते ही एक और व्यक्ति के पदचिन्ह मिले। दोनों के पदचिन्हों का पीछा करते परिजन घटनास्थल पहुंच गए। सुबह आठ बजे पुलिस को सूचना मिली तो रतनलाल मय जाब्ता मौके पर पहुंचा। शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि चंपा ने नौंवी कक्षा तक ही पढ़ाई की, उसके बाद पढ़ाई छोड़ दी। वहीं प्रभु घर बनाने का कारीगर था। दोनों की जाति अलग थी। अनुमान है कि दोनों ने यह सोचा होगा कि वह कभी एक नहीं हो सकेंगे, इसी वजह से एक साथ मौत को गले लगा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
RELATED ARTICLES
06 July 2026 08:58 PM
19 December 2024 09:23 PM
