15 April 2024 12:39 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। जूनागढ़ की खाई में सोने के दो बिस्किट मिलने की ख़बर ने जूनागढ़ की खाई में बड़ा खजाना होने की संभावनाओं को हवा दे दी है। मामले में कोटगेट थाना पुलिस ने जूनागढ़ से जुड़े एक सुपरवाइजर के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है। कोटगेट थानाधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि राजघराने से जुड़े रायसिंह ट्रस्ट के लेखाकार संजय शर्मा ने एसपी बीकानेर को परिवाद दिया था। एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। परिवादी के अनुसार जूनागढ़ की खाई में निर्माण कार्य चल रहा है। मजदूरों को खुदाई व निर्माण के वक्त खाई में सोने के दो बिस्किट मिले। उन्होंने ये बिस्किट प्रहलाद सिंह को दिए। प्रहलाद सिंह बिस्किट का गबन कर लिया।
चर्चा है कि खाई में छुपा हुआ पुराना खजाना है। ये बिस्किट उसी खजाने का हिस्सा हैं। इन बिस्किटों पर आरबीपीएल लिखा है। माना जा रहा है कि ये राजघराने के समय की मुहर हैं।
दूसरी ओर प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरबीपीएल नाम की एक गोल्ड कॉइन कंपनी वर्तमान में भी अस्तित्व में है। आरबीपीएल यानी राज बूलियन्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की मुंबई बेस यह कंपनी 19 जून 2009 में ही स्थापित हुई है।
खाई में ख़ज़ाना हो भी सकता है क्योंकि राजघरानों के खजाने कहां कहां छिपे हो, यह कुछ कहा नहीं जा सकता। लेकिन बिस्किट वाली कंपनी यही है तो सवाल यह है कि जूनागढ़ की खाई में यह बिस्किट कहां से आए। इन गोल्ड बिस्किट्स का संबंध किसी तस्कर से भी हो सकता है। आशंका है कि किसी तस्कर ने यहां अवैध गोल्ड बिस्किट छुपाए हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
24 November 2023 07:11 PM