21 May 2020 12:09 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर महापौर के पति के विक्रम सिंह राजपुरोहित के खिलाफ निगम उपायुक्त ने सदर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। मामला पूगल रोड़ स्थित नथाणियां गौशाला के रसोई घर का ताला तोड़ने को लेकर शुरू हुआ। उपायुक्त ने आरोप लगाया है कि महापौर पति विक्रम सिंह ने उनके साथ मारपीट, गाली गलौच व अभद्र व्यवहार करते हुए हाथ पैर तोड़ने की धमकी दी। उपायुक्त के अनुसार आज सवा बारह बजे महापौर सुशीला कंवर ने उपायुक्त जगमोहन हर्ष को फोन कर दस मिनट में गौशाला पहुंचकर रसोई का ताला तोड़ने को कहा। जिस पर आयुक्त से वार्ता की गई तो आयुक्त ने ताला तोड़ने के निर्देश दिए। कहा जा रहा है कि जब हर्ष मौके पर पहुंचे तो महापौर वहां पहले से मौजूद थीं, इसके अलावा उनके पति विक्रम सिंह, पार्षद महेंद्र सिंह बड़गुर्जर, आनंद सिंह सोढ़ा व अन्य मौजूद थे। उपायुक्त के अनुसार यहां महापौर ने कहा कि आपने लेखाधिकारी को किसी के भी कहने पर ताला नहीं तोड़ने के निर्देश दे दिए। उपायुक्त का कहना है कि इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि किचन का ताला तोड़ने की जरूरत नहीं है क्योंकि भामाशाहों की मदद से यहां मजदूरों के भोजन का प्रबंध किया जा रहा। आरोप है कि इतना कहते ही महापौर पति उपायुक्त पर भड़क गए और गाली गलौच करते हुए बोले कि तुझे पद मिलते ही ज्यादा गर्मी चढ़ गई है, निगम के बाहर तुझे देख लेंगे और सारी गर्मी उतार देंगे। इसी बीच महापौर के आदेश पर ताला तोड़ने की कार्रवाई की गई। तभी महापौर पति सहित अन्य ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हाथ पैर तोड़ने की धमकी दी। उपायुक्त के अनुसार बात यहीं नहीं रुकी बल्कि शाम को आयुक्त के समक्ष भी विक्रम सिंह ने परिवादी को थप्पड़ मारने की कोशिश की व लात मारी। यहां भी हाथ पैर तोड़ने की धमकी दी गई। बताया जा रहा है कि यहां कर्मचारियों ने बीच बचाव किया। सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 332, 353, 504, 506 व 143 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मारपीट होने की बात सामने आ रही है।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
04 August 2024 04:03 PM