13 November 2021 11:51 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। शहर के हैरिटेज रूट से जुड़ी समस्याएं देखने कलेक्टर नमित मेहता आज पैदल ही निकल पड़े। सिटी कोतवाली थाने से लक्ष्मीनाथ मंदिर तक पैदल चलकर निरीक्षण किया। आमजन से इस रूट से जुड़ी समस्याएं जानी। मेहता रामपुरिया हवेलियों से होते हुए गोलछा चौक, भुजिया बाजार, बड़ा बाजार, घाटी भैरूंजी से लक्ष्मीनाथ जी मंदिर पहुंचे। इस बीच आने वाली सभी समस्याओं को चिन्हित कर दुरुस्तीकरण हेतु निर्देश दिए। मेहता ने कहा कि हैरिटेज रूट का हैरिटेज लुक बरकरार रहना चाहिए। इस रूट की क्षतिग्रस्त सड़कों, ड्रेनेज, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था तथा साफ सफाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस रूट की निरंतर साफ सफाई हेतु निगम को डेडिकेटेड टीम नियुक्त करने के आदेश दिए। वहीं निर्धारित दूरी पर डस्टबिन रखने को कहा। ख़ासतौर पर सफाई के बाद कचरा तुरंत उठाने के निर्देश दिए। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने हेतु भी कहा।
हवेलियों के लिए ये दिए आदेश- मेहता ने कहा कि हैरिटेज रूट की हवेलियां बीकानेर की धरोहर है। इनके आगे इनके निर्माण के समय, दीवारों पर हुई कलाकारी, शैली सहित अन्य विशेषताएं दर्शाने वाले साइन बोर्ड लगाए जाएं। वहीं इस रूट में आने वाले सभी चौक और मोहल्लों की जानकारी देने वाले पत्थर निर्मित आकर्षक साइनेज लगाए जाएं। ये साइनेज रूट के दुकानदारों से समन्वय कर एक रूपता रखते हुए लगाने हैं।
लक्ष्मीनाथ जी क्षेत्र में होंगे ये सुधार- मेहता ने लक्ष्मीनाथ मंदिर से ठीक पहले बना पुल भी देखा। जर्जर हो रहे इस पुल को दुरुस्त करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। लक्ष्मीनाथ मंदिर में यूआईटी द्वारा करवाए कार्यों का निरीक्षण किया। गणेश मंदिर की क्षतिग्रस्त दीवार को ठीक करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान मेहता के साथ निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, नगर विकास न्यास सचिव नरेंद्र सिंह राजपुरोहित, अधीक्षण अभियंता राजीव गुप्ता, हरिशंकर आचार्य आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
11 February 2022 12:08 AM