11 May 2023 10:45 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। एक बार फिर सीवरेज निर्माण का कार्य सवालों के घेरे में हैं। इस बार मामला वल्लभ गार्डन की ओर जाने वाली आवासीय लाइन से जुड़ा है। पिछले डेढ़ माह से महिला आईटीआई से वल्लभ गार्डन की ओर जाने वाले मार्ग पर बेतरतीब व बेपरवाही से चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान घरों में दरारें आ गई हैं। समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों ने पूर्व यूआईटी चैयरमेन महावीर रांका को इस मामले से अवगत कराया। क्षेत्रवासी मूलचंद नायक, भागी नायक, केशूराम नायक, किशन नायक, क्रांतिप्रिय आहूजा, कुलदीप पूनिया व सीताराम नायक ने बताया कि सीवर लाइन निर्माण कार्य में बारी लापरवाही बरती जा रही है। इसके कारण घरों में पानी पहुंचने से दीवारों में दरारें आ गई है। गुरुवार को पूर्व चैयरमेन महावीर रांका क्षेत्र में हालात जानने पहुंचे तो देखा कि घरों को बहुत क्षति पहुंची है। वहीं कभी भी गिर जाने से जनहानि भी होने की आशंका है। घरों में करीब एक हाथ जितनी दरारें भी आ गई हैं। सीवर लाइन का गड्ढा भी काफी गहरा है जिसके आगे-पीछे कोई बैरिकेड्स भी नहीं लगाए गए हैं। इसके साथ ही जब तक पानी मोटर से निकलता रहता है तब तक तो स्थिति नियंत्रण में रहती है, लेकिन पानी निकलना बंद होने पर पानी इकट्ठा हो जाता है और घरों तक पहुंचने लगता है। उक्त कार्यों के प्रति नाराजगी जताते हुए भाजपा नेता महावीर रांका ने जिला कलेक्टर भगवतीप्रसाद कलाल, संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के.पवन तथा यूआईटी सचिव यशपाल आहुजा से उक्त समस्या के बारे में बात कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करने की मांग की। महावीर रांका ने कहा कि निर्माण कार्यों में बेपरवाही तथा आमजन को आहत करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवलोकन के दौरान स्थानीय पूर्व पार्षद भगवतीप्रसाद गौड़, राजेंद्र शर्मा व रमेश भाटी साथ रहे।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
19 July 2024 11:53 PM