04 October 2020 08:09 PM

ख़बरमंडी न्यूज़,बीकानेर। सीएमएचओ डॉ बीएल मीणा की टीम सोमवार से पेट के कीड़े मारेगी। अगर आपके घर में भी 19 वर्ष तक के बच्चे-युवक हैं तो सीएमएचओ की टीम से संपर्क साधना चाहिए। दरअसल, बच्चों में कुपोषण की रोकथाम, शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिये चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 से 11 अक्टूबर तक राष्ट्रीय कृमि मुक्ति (डीवर्मिंग) कार्यक्रम चलाया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 1 वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को आंगनबाडी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों व शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पेट के कीड़े मारने की दवा एलबेण्डाजोल गोली निशुल्क खिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी एल मीणा ने बताया कि जिले में गोलीयों की आपूर्ति कर दी गई है। 3 साल तक के बच्चों के अभिभावकों को 2 साफ चम्मच व बड़े बच्चों के लिए एक चम्मच तथा पीने का साफ पानी घर से लाने होंगे । अभियान में ए एन एम, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके साथ ही एनीमिया मुक्त राजस्थान कार्यक्रम को भी गति मिलेगी। अभियान के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमएचओ (प.क.) डॉ योगेन्द्र तनेजा ने बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चे को ऐल्बेण्डाजोल 400 एमजी की आधी गोली को दो चम्मच के बीच में रखकर चूरा करके स्वच्छ पीने के पानी में घोलकर पिलाई जायेगी, 2 से 3 साल के बच्चों को 1 गोली पीसकर व 3 से 19 साल के बच्चे को 1 गोली चबाकर खाने को दी जाएगी।

दवा है सुरक्षित
डॉ योगेन्द्र तनेजा ने बताया कि यह दवा पूर्ण सुरक्षित है। जो बच्चे स्वस्थ दिखें उन्हें भी ये खिलाई जानी हैं क्योंकि कृमि संक्रमण का प्रभाव कई बार बहुत वर्षों बाद स्पष्ट दिखाई देता है। दवा से पेट के कीड़े मरते हैं इसलिए कुछ बच्चों में जी मिचलाना, उल्टी या पेट दर्द जैसे सामान्य छुट-पुट लक्षण हो सकते हैं लेकिन ये सामान्य व अस्थाई हैं जिन्हें संभाला जा सकता है। हाँ बीमार व मिर्गी के दौरे आने वाले बच्चों को ये दवाई नहीं खिलाई जायेगी।
RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
29 February 2020 09:23 AM