22 April 2023 11:05 PM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। (चाइनीज मांझे के खिलाफ पत्रकार रोशन बाफना की कलम) ये कायरता है, बेशर्मी है, अमानवीयता है। अगर आप चाइनीज़ मांझे से पतंग उड़ा रहे हैं तो समझ लीजिए आपकी गिनती भी हत्यारों में आ सकती है। भले ही यह अपराध इरादतन ना हो मगर अपराध तो होगा ही। धिक्कार है उन सभी पर जो अपनी खुशियों के लिए लोगों की जान की परवाह तक नहीं कर रहे। बता दें कि बीकानेर स्थापना दिवस की खुशियों के बीच चाइनीज मांझा आज करीब 15-20 निर्दोषों के लिए जानलेवा बन गया। दोपहर तीन बजे बाद 15-20 घायल पीबीएम के ट्रोमा सेंटर इलाज के लिए पहुंचे। बड़ी संख्या में घायल अन्य अस्पतालों में भी पहुंचे। इनमें 4-5 साल के बच्चों से लेकर व्यस्क शामिल थे। किसी का गला कट गया तो किसी के हाथ कटे मिले। वहीं कितने बेजुबान पक्षियों की जान गई, कितने घायल हुए इसका अंदाजा ही नहीं है। बीकानेर में बड़ी संख्या में पतंग उड़ानें के शौकीन चाइनीज मांझे का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे लोगों को इस बात से मतलब है कि उनकी पतंग ना कटे। वहीं दुकानदार पैसे के लालच में चाइनीज मांझा बेच रहे हैं। दूसरी तरफ सिस्टम चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने में विफल साबित हुआ है।

ऐसे लोगों से ख़बरमंडी न्यूज़ अपील करता है कि आप चाइनीज़ मांझे से पतंग ना उड़ाएं। अगर आप मांझा खरीद लाएं हैं तो उसे आग लगा दीजिए। आपका यह पागलपन किसी की जान ले लेगा। इसके अलावा भी कई नुकसान है। आज शाम को भीनासर व उदयरामसर जीएसएस में सिर्फ चाइनीज मांझे की वजह से आग लग गई। विभागीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। आपको तारों पर चाइनीज़ मांझे से कटकर लटके पक्षी भी मिल जाएंगे।
अपने अंदर के मानव को जगाइए, चाइनीज़ मांझे को आग लगाइए। अब भी नहीं जागे, अब भी चाइनीज मांझे का इस्तेमाल बंद नहीं किया तो यकीन मानिए कभी किसी और शौकीन की चरखी से निकला चाइनीज मांझा आपके या आपके प्रियजन के गले तक भी पहुंचेगा। संभल जाइए।

RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
13 February 2021 07:38 PM