12 May 2025 10:58 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कोतवाली थाने के पास हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट हादसे में मौत का आंकड़ा ग्यारह पर पहुंच गया है। ग्यारहवीं मौत पीबीएम के आईसीयू में भर्ती समीर की हुई है। समीर पूरी तरह से जला हुआ था। घटना के वक्त से ही उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। उसने रविवार आधी रात के बाद दम तोड़ दिया। इससे पहले रविवार अल सुबह दसवीं मौत 52 वर्षीय सुशील सोनी की हुई थी। अब हादसे में घायल हुए व्यक्तियों में उत्तम सोनी का ईलाज चल रहा है। उत्तम सोनी को पीबीएम से जयपुर ले जाया गया था। उसके सिर, पेट सहित विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटें थी।
बता दें कि बीकानेर के कोतवाली थाने के पास स्थित मदान मार्केट में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया था। इस हादसे में कुल 16 लोग घायल हुए। जिनमें से चार को मामूली चोटें आई थीं। वहीं 12 में से 11 की मौत अब तक हो चुकी है। मृतकों की पहचान सचिन सोनी, मोहम्मद असलम, सलमान बंगाली, किशन सोनी पुत्र पूनम, किशन पुत्र भंवर, रामस्वरूप सोनी, लालचंद सोनी, असलम मलिक, मोहम्मद अयान, सुशील सोनी व समीर के रूप में हुई।
उल्लेखनीय है कि पांच मंजिला मदान मार्केट में दो अंडर ग्राउंड भी थे। हादसे के बाद प्रशासन की लापरवाही तो सामने आई ही, साथ ही साथ दुकानदारों की लापरवाही भी उजागर हुई। जिस सिलेंडर से ब्लास्ट हुआ वह बड़ा घरेलू सिलेंडर था। अगर छोटा सिलेंडर होता तो हादसा इतना भयावह नहीं होता।
RELATED ARTICLES
03 June 2020 09:42 PM