17 September 2021 07:19 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर की सड़कों से लेकर सड़क पर यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद अब खत्म होती जा रही है। एक तरफ सड़कों के गड्ढे राहगीरों के अस्थि-पंजर हिला रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ ऑटो रिक्शा से लेकर बसों तक सभी वाहन अनुशासनहीनता की हदें पार कर रहे हैं। आमजन परेशान है और पुलिस व ट्रैफिक पुलिस मूक दर्शक बने सड़कों पर बड़े वाहनों की तानाशाही देख रही है। आखिर पुलिस करे भी तो क्या करे?, उसे टारगेट पूरे करने से ही फुर्सत नहीं मिलती!
आज फिर रानी बाज़ार पुलिया पर बसों की तानाशाही दिखी। पीबीएम के सामने से पुल की चढ़ाई पर दो बसें आराम से सवारियां भर रही थीं। पीछे आमजन परेशान हो रहा था। ट्रैफिक जाम हो रहा था। ऐसा नहीं है कि बस चालकों ने ऐसा पहली बार किया हो। बस चालकों की यह आदत बन चुकी है। हर दिन सुबह से रात तक यही दृश्य आपको देखने को मिलेगा। छोटे वाहन चालक यूं ही मन ही मन बस वालों को और सिस्टम को कोसते रहते हैं और बस वाले बेपरवाह अव्यवस्था फैलाते रहते हैं।
कुछ माह पूर्व ख़बरमंडी न्यूज़ ने एक वीडियो मय ख़बर छापी थी। जिसके तुरंत बाद जिला पुलिस हरकत में आई। मौके पर पुलिस भी तैनात की गई। लेकिन यह कुछ ही दिन चला, फिर वही ढाक के तीन पात वाली स्थिति हो गई। अब बसें यूं ही अव्यवस्था फैलाती है। पुलिस कभी कभी हेलमेट चालान के टारगेट पूरे करने इस पॉइंट पर पहुंचती है तो कुछ देर के लिए सुधार देखा जाता है।
उल्लेखनीय है कि इस रोड़ पर जाम लगना बेहद ख़तरनाक है। वजह, यहां संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल पीबीएम स्थित है। इसके अलावा भी कई अस्पताल इस क्षेत्र में हैं। ऐसे में जाम में कभी भी कोई एंबुलेंस फंस सकती है। कई बार ऐसा देखा गया है जब जाम में फंसी एंबुलेंस को केवल पुल पार करने में ही 15-20 मिनट तक लग जाते हैं। पुल के हालातों का यह वीडियो देखें और शेयर करें ताकि पुलिस जमीनी स्तर पर काम करना शुरू करे। देखें वीडियो
RELATED ARTICLES
18 October 2026 09:12 PM
26 February 2025 12:02 AM