18 June 2020 04:29 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। नगर निगम आयुक्त के नाम से अवैध पॉलीथिन जब्ती व पैसों की लूटमार से अब व्यापारियों को राहत मिलेगी। बीजेपी पार्षद प्रदीप उपाध्याय ने पिछले दिनों व्यापारियों से हुई लूट-खसोट की पुनरावृत्ति रुकवाने के लिए निगम आयुक्त डॉ खुशाल सिंह यादव से मुलाकात की। प्रदीप उपाध्याय ने आयुक्त से कहा कि निगम में संविदा पर लगे सात कर्मचारी अवैध रूप से व्यापारियों के यहां छापे मारते हैं। पूछने पर कहते हैं कि आयुक्त साहब ने भेजा है। इससे आयुक्त व निगम की साख में बट्टा लगता है। उपाध्याय व साथी पार्षदों की मांग पर सुनवाई करते हुए आयुक्त यादव ने उपायुक्त को तुरंत प्रभाव से अधिकारी नियुक्त करने के आदेश दिए हैं। अब अवैध रूप से जब्ती की कार्रवाई से व्यापारियों को निजात मिलेगी। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों इन सातों ने कुछ व्यापारियों से पॉलीथिन जब्त की थी, लेकिन निगम में दिखाने की बजाय हजम करने की फिराक में अपने ठिकानों पर ले गये। लेकिन मामला उजागर होने लगा तब जब्त किए माल से आधा माल दिया। वहीं शेष माल डकार गए। आयुक्त से वार्ता में उपाध्याय के साथ उपमहापौर राजेंद्र पंवार, पार्षद गोपीचंद, विनोद धवल, रामसा जोशी, विक्रम सियाग, जमनलाल, प्रमोद सिंह, विरेन्द्र करल आदि मौजूद रहे।
RELATED ARTICLES
15 October 2026 02:33 PM
11 August 2021 07:34 PM