24 March 2022 01:39 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्षों की घोषणा ने एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। एक मंडल से जुड़ा आंतरिक विवाद चर्चा में है। बीजेपी युवा मोर्चा के गंगाशहर मंडल की यह सीट यूआईटी चेयरमैन की सीट की तरह ही हो गई है। कांग्रेस आलाकमान भी बीकानेर यूआईटी चेयरमैन के नाम की घोषणा को लेकर इसी तरह असमंजस में है।
दरअसल, बुधवार को बीजेपी युवा मोर्चा के सात मंडल अध्यक्षों के नामों पर अंतिम मुहर लग गई। मगर सूची जारी होने के साथ ही कई सवाल भी खड़े होने लगे। सवाल हो भी क्यूं नहीं, आखिर एक मंडल ही सूना रह गया। शहर बीजेपी युवा मोर्चा कुल आठ मंडलों में बंटी है। युवा मोर्चा शहर अध्यक्ष वेद व्यास ने सात मंडलों के नये अध्यक्ष तो घोषित कर दिए मगर गंगाशहर की गुत्थी सुलझा नहीं पाए।
सूत्रों की मानें तो युवा मोर्चा गंगाशहर मंडल के अध्यक्ष पद को लेकर भारी खींचतान चल रही है। लंबे समय से चल रही यह खींचतान असाध्य साबित हो चुकी है। इस खींचतान की खिचड़ी करने में गंगाशहर मूल के कुछ कद्दावर नेताओं की भूमिका भी बताई जा रही है। सूत्र बताते हैं कि अपने राजनीतिक वर्चस्व की रक्षा के लिए पार्टी की नीति के विरुद्ध भी प्रयास किए गए। हालांकि जिले ने यह पैंतरा कामयाब नहीं होने दिया। अब देखना यह है कि गंगाशहर मंडल की खिचड़ी खट्टी होने से पहले नाम की घोषणा होती है या संगठन निर्णय लेने में असहाय बनकर रह जाता है।
RELATED ARTICLES
29 October 2022 02:10 PM