29 September 2021 11:35 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। खुद को आर्मी अफसर बताकर बीकानेर जिले की युवती का शारीरिक शोषण करने वाले दो बच्चों के पिता को नोखा पुलिस ने बैंगलोर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हीरापुर पुलिस थाना झांडूता जिला बिलासपुर हिमाचल प्रदेश निवासी 24 वर्षीय रोहित सिंह पुत्र आत्माराम चंदेल बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता से संपर्क साधा। उसने स्वयं को आर्मी ऑफिसर बताया। अपना आर्मी पहचान पत्र व आर्मी कैंटीन कार्ड भी भेजा। इस तरह युवती को विश्वास में ले लिया। दोस्ती धीरे धीरे प्रेम में बदल गई। आरोपी ने युवती से शादी का वादा कर डाला। युवती ने उस पर भरोसा कर लिया। उसके बाद वह युवती को हिमाचल प्रदेश ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जयपुर और बीकानेर में भी शारीरिक संबंध बनाए गए। बाद में धोखे व बलात्कार का शिकार हुई पीड़िता ने नोखा पुलिस थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाया।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी के हिमाचल प्रदेश स्थित घर पर जाकर तफ्तीश की। तफ्तीश में सामने आया कि खुद को कुंवारा बताकर युवती को जाल में फंसाने वाला सख्स दो बच्चों का पिता है। वह कोई आर्मी अफसर नहीं है, बल्कि बैंगलोर में एक प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी में काम करता है। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ जुर्म प्रमाणित पाए गए हैं।
बता दें कि इस सफलता में साइबर सैल हैड कांस्टेबल दीपक यादव व कांस्टेबल दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।

RELATED ARTICLES
10 September 2026 04:56 PM
04 April 2020 06:19 PM