19 January 2023 01:15 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। फड़बाजार के व्यापारी की छोटी सी लापरवाही ने अपराधियों को सुनहरा मौका दे दिया। घटना बीती रात साढ़े नौ बजे की है। कोटगेट थाना क्षेत्र के फड़बाजार में दो बदमाश युवकों ने एक व्यापारी की स्कूटी सहित एक लाख रुपए उड़ा लिए।
दरअसल, सीताराम अग्रवाल प्रोविजनल स्टोर के मालिक 70 वर्षीय सीताराम अग्रवाल दुकान से घर जाने की तैयारी में थे। अग्रवाल ने रूपयों से भरा बैग स्कूटी की डिक्की में डाला और वापिस दुकान का ताला लगाने चले गए। इस दौरान स्कूटी की चाबी स्कूटी में ही लगी छोड़ दी। सामने ही बैठकर अलावा ताप रहे दो युवकों को मौका मिल गया। बदमाश युवक स्कूटी लेकर फरार हो गए।
कोटगेट थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण के अनुसार युवकों को दुकानदार व एक टैक्सी चालक ने देखा। ठंड की रात होने की वजह से बाकी बाजार बंद हो चुका था। युवक बिना नकाब के ही थे। उनके गजनेर की तरफ फरार होने की आशंका है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन शुरू कर दी गई। पुलिस टीमें युवकों की तलाश के प्रयास कर रही है। अग्रवाल की रिपोर्ट पर लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। व्यापारी ने पुलिस को बताया है कि बैग में पिछले दस दिनों की बिक्री के एक लाख रूपए थे।
बता दें कि जब युवकों ने वारदात को अंजाम दिया तब व्यापारी दुकान के ताला लगा रहा था। ऐसे में वारदात लूट की नहीं मानी जा रही।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
06 May 2020 12:42 PM