30 March 2022 01:15 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। गंगाशहर से बड़ी ख़बर सामने आ रही है। गंगाशहर निवासी दो दोस्त मंगलवार सुबह से लापता हैं। लापता बालकों में एक हरिराम मंदिर, पुरानी लाइन निवासी 14 वर्षीय रामदयाल पुत्र सोहनलाल चौधरी है। वहीं दूसरा रंग फैक्ट्री, चोपड़ा बाड़ी निवासी 14 वर्षीय जिनेंद्र सुखलेचा पुत्र पारस सुखलेचा है।
दोनों दोस्त हैं। रामदयाल आदर्श विद्या मंदिर में पढ़ता है। रामदयाल मंगलवार सुबह करीब 7 बजे स्कूल के लिए निकला था, जो वापिस नहीं लौटा। दूसरी तरफ उसका दोस्त भी गायब है। दोनों के एक साथ ही लापता होने की बात सामने आ रही है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रामदयाल स्कूल के लिए निकला मगर बस में नहीं बैठा। वह सीधे महावीर चौक स्थित एटीएम गया, वहां से पिता का एटीएम इस्तेमाल कर चालीस हजार रुपए निकाले। वहां से जिनेंद्र के घर गया, उसे साथ लिया।
जिनेंद्र के पास बीएसएनएल का मोबाइल है। उसकी अंतिम लोकेशन बीकानेर रेलवे स्टेशन आई।
बताया जा रहा है कि दो तीन दिन पहले ही दोनों बालकों में दोस्ती हुई थी। मंगलवार दिनभर तो परिजन इंतजार करते रहे। शाम सात बजे पुलिस थाने जाकर सूचना दी। परिजन रातभर खाक छानते रहे मगर सफलता नहीं मिली। गुमशुदगी के दूसरे दिन पुलिस भी हरकत में आ गई है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। ख़बर लिखे जाने तक मामला दर्ज हो रहा था।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
21 April 2025 06:30 PM