30 July 2026 10:55 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। शाहरुख खान हत्याकांड के 19 वें आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान भुट्टों का बास, बीकानेर निवासी 34 वर्षीय सलमान खान उर्फ धन्नु पुत्र उस्मान खां के रूप में हुई है।
बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह ने बताया कि सलमान जुलाई 2024 से ही फरार था। उस पर एसपी बीकानेर ने 5 हज़ार रूपए का ईनाम घोषित कर रखा था।
पता चला है कि आरोपी सलमान पुलिस के डर से गुजरात में छिपा बैठा था। उसके खिलाफ पहले मारपीट आदि के 6 मुकदमें दर्ज हैं।
बता दें कि 2-3 जुलाई 2024 की रात शाहरुख अपने परिवार के साथ किसी विवाह समारोह में गया था। शोभासर से लौटते समय 20-25 लोगों ने शाहरुख की गाड़ी टक्कर मारी। उसके बाद हमला किया, फायरिंग की। हमले में शाहरुख खान की मौत हो गई थी।
थानाधिकारी दिगपाल सिंह के अनुसार दोनों पक्षों में पहले से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने शाहरुख और उसके परिवार पर हमला किया।
उल्लेखनीय है कि मामले में सलमान सहित कुल 19 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन, एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ व सीओ सदर शालिनी बजाज के सुपरविजन तथा थानाधिकारी दिगपाल सिंह के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में एचसी रामनिवास व एचसी रवि कुमार शामिल रहे। सलमान खान को ट्रेस कर पकड़ने में रवि कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES
23 September 2026 11:43 PM
30 December 2022 09:18 AM