16 December 2020 10:14 PM

-रोशन बाफना
ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर के कोर्ट परिसर में चोरों ने आतंक मचा रखा है। आए दिन कोर्ट परिसर में खड़े वाहन चोरी हो जाते हैं। उससे भी बड़ा दर्द यह है कि चोरी हुए अधिकतर वाहन मिलते ही नहीं है। ऐसे में चोरों के आतंक से कोर्ट आने वाले आम व खास जन बेहद परेशान हैं। चोरों के शिकार बने इन परेशान लोगों को पुलिस से बेहद उम्मीद रहती है, लेकिन पीड़ित को हर बार चोरी हुआ वाहन मिलने के बजाय बहाने सुनने को मिलते हैं, ऐसे में पीड़ित बड़े परेशान हैं। दरअसल, पुलिस से मिली इस निराशा की वजह कुछ और है। बीकानेर में अधिकतर बड़े सरकारी कार्यालय सहित सर्किट हाउस आदि सदर थाना क्षेत्र में आते हैं।
ऐसे में सदर पुलिस का अधिकांश समय प्रोटोकॉल ड्यूटी करने में जाया हो जाता है। इस वजह से दर्ज मुकदमों की जांच में सिर्फ खानापूर्ति हो पाती है। सदर पुलिस का यह दर्द नया नया नहीं है बल्कि काफी पुराना है। अगर बात वाहन चोरी के मामलों की भी करें तो सदर पुलिस के जांच अधिकारी को बमुश्किल जब समय मिलता है तो चोरी का सिरा तक उसकी पकड़ में नहीं आता। पुलिस की मानें तो कोर्ट परिसर का अधिकतर हिस्सा सीसीटीवी कैमरों से लैस नहीं है, ऐसे में फुटेज तक नहीं मिलती। बिना फुटेज सार्वजनिक स्थल से चोरी की वारदात ट्रेस करना जटिल हो जाता है। ऐसे में कोर्ट परिसर को शत प्रतिशत सीसीटीवी कैमरों से लैस करना व सदर पुलिस की समयाभाव की समस्या का निदान करना जरूरी माना जा रहा है। अगर कोर्ट परिसर को कैमरों से लैस कर दिया जाए तो चोरी सहित कई अपराध पकड़ में आ सकते हैं।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM