21 May 2026 11:31 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने 5-5 हजार के दो ईनामी बदमाशों को धर दबोचा है। आरोपियों के नाम हिस्ट्रीशीटर विष्णु बांगड़ा व बाला भाट है। आरोपियों को डीएसटी ने भारतमाला रोड़ से दबोचा है। विष्णु और बाला पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट व आर्म्स के एक दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस कई महीनों से इनकी तलाश कर रही थी।
ये था मामला: रामसर, थाना नापासर हाल तिलक नगर, बीकानेर निवासी रतिराम पुत्र कालूराम जाट ने 10 फरवरी 2026 को गजनेर थाने में बाला भाट, विष्णु बांगुड़ा, संतोष विश्नोई, शिवशंकर गोदारा व श्रवण कूकणा सहित 5-7 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार 9 फरवरी को रतिराम व ललिता देवी फॉर्च्यूनर गाड़ी में बीकानेर से गड़ियाला जाने के लिए रवाना हुए। चानी फांटा के पास दो क्रेटा कारों व एक सफेद रंग की अन्य कार में सवार होकर आए बदमाशों ने रास्ता रोका। आरोपियों के पास लोहे की रॉड व लाठियां थीं। ललिता देवी की साइड वाला गेट खोलने का प्रयास किया। तब रतिराम ने गाड़ी बैक की और वापिस एचपी पेट्रोल पंप की तरफ भागे। लेकिन सामने से गेटवे गाड़ी में और बदमाश आते दिखे। इस पर वापिस गाड़ी कोलायत की तरफ घुमाकर बचने की कोशिश की लेकिन गेटवे चालक ने तेज गति से आते हुए मेरी गाड़ी के टक्कर मारी। टक्कर से मेरी गाड़ी का एक पहिया निकल गया। गाड़ी तीन पलटे खाई। तब आरोपियों ने हम दोनों को बाहर निकालने का प्रयास करते हुए पिस्तौल तानी। कहा कि गोली मार देते हैं। तभी आसपास के लोग आ गये। लोगों की भीड़ देखकर आरोपी सुरजड़ा की तरफ भाग छूटे।
-जेएनवीसी में हुए कैंपर हिट कांड से जुड़ा है मामला: करीब साल भर पहले जयनारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र में कैंपर हिट कांड हुआ था। बदमाशों ने कई कैंपर गाड़ियों से सूरजपुरा निवासी विकास जाट की कार को भयावह तरीके से टक्करें मारी थी। बताया जा रहा है कि इसी हमले से जुड़े पुलिस केस में रतिराम ने विकास की पैरवी की। गवाही भी दी। तब से आरोपी रतिराम से रंजिश रखने लगे। राजीनामे का दबाव बना रहे थे। रतिराम नहीं माना तो उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
-पकंज आचार्य हत्याकांड में भी है आरोपी: 2020 में नयाशहर थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय पंकज आचार्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भी दोनों युवक मुख्य आरोपी हैं। तब दोनों नाबालिग थे। अब दोनों के खिलाफ करीब 12 मुकदमें दर्ज हैं।
-एसपी ने घोषित किया ईनाम, डीएसटी ने खोजे बदमाश: एसपी बीकानेर ने दोनों पर पांच पांच हजार का ईनाम घोषित कर रखा था। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन व डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह व गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार के नेतृत्व में डीएसटी टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपियों की तलाश में एएसआई दीपक यादव की अहम भूमिका रही। वहीं हैड कांस्टेबल वासुदेव व श्रीराम टीम में शामिल थे।
RELATED ARTICLES
05 February 2021 07:16 PM