03 July 2021 01:36 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। वैक्सीनेशन को लेकर बीकानेर शहर में आज घमासान मचा रहा। तीन जगह विवाद हो गया। तो लोग वैक्सीनेशन ऑन व्हील्स की एंबुलेंस के आगे सो गए।
दरअसल, शहर में आज कुल 11 जगह वैक्सीनेशन हुआ। इनमें से सात केंद्रों पर ऑन लाइन वैक्सीनेशन हुआ। वहीं चार केंद्रों पर ऑन स्पॉट प्रक्रिया अपनाई गई। किसी भी केंद्र पर पहली व दूसरी मिलाकर पांच सौ से अधिक डोज नहीं दी गई। कहीं कहीं तो दोनों मिलाकर सौ डोज ही दी गई। तीन नंबर डिस्पेंसरी धनपत राय अस्पताल में 50+50 कुल सौ डोज दी गई। यहां भीड़ ने हल्ला मचाया। यहां आई वैक्सीनेशन ऑन व्हील्स की एंबुलेंस को नत्थूसर गेट जाने के लिए रवाना किया तो भीड़ आक्रोशित हो गई। कुछ लोग एंबुलेंस के आगे सड़क पर सो गए। कहा कि हमारे ऊपर से निकाल लो एंबुलेंस। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पहुंचकर मामला शांत करवाना पड़ा। आखिर एंबुलेंस ने वहीं वैक्सीनेशन किया। रथखाना की सिंधी धर्मशाला में भी इसी तरह हालात बेकाबू हो गए। यहां कुल चार सौ डोज दी गई थी।
गंगाशहर की माहेश्वरी धर्मशाला में वैक्सीनेशन के प्रति उत्साह चरम पर देखा गया। यहां कुल पांच सौ दी गई थी। 250 वैक्सीन दूसरी डोज के लिए मिली थी जो कुछ ही देर में खत्म हो गई। भीड़ इतनी अधिक हुई कि पुलिस बुलानी पड़ी। गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल का रवैया ठीक नहीं रहा। भीड़ का बहाना कर अधीक्षक सहित टीम कैंप स्थल से चली गई। जबकि पहली डोज के लिए आई वैक्सीन पड़ी थी। बाद में पहली डोज को दूसरी में कन्वर्ट करवाया, लेकिन सैटेलाइट अस्पताल ने कैंप स्थल पर आने से मना कर दिया। आरसीएचओ को भी कहा तो उन्होंने आश्वासन दिया, लेकिन उनकी भी ना चली। आखिर मजबूरी में कैंप आयोजकों ने आवेदनकर्ताओं को फोन करके अस्पताल में ही बुलाया।
बहरहाल, सैटेलाइट अस्पताल के रवैये को छोड़ शहर भर में हुए इस घमासान के पीछे वैक्सीनेशन की कमी व मिसमैनेजमेंट रहा। कुछ आमजन भी संयम खो बैठा। बता दें कि शहर में दूसरी डोज की अत्यधिक डिमांड है। दूसरी तरफ पिछले पांच दिनों से वैक्सीन की किल्लत भी चल रही है। इस बीच शहर की बजाय गांवों में एक साथ 81केंद्रों पर भरपूर वैक्सीन दी गई।
हालांकि सकारात्मक बात यह रही कि शहरी लोगों में वैक्सीनेशन का उत्साह चरम पर था।
RELATED ARTICLES
18 October 2026 09:12 PM
03 August 2024 01:31 PM