20 October 2020 07:58 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। व्यवसायी जुगल राठी की गाड़ी पर फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना नयाशहर थाना क्षेत्र के पारीक चौक जाने वाली गली की है। थानाधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि राठी की कार में चेन्नई से आया रिश्तेदार व ड्राईवर था। जस्सूसर गेट स्थित रूपचंद मोहनलाल से मिठाई लेकर आते यह घटना हुई। भवानी सिंह के अनुसार बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने कार के आगे बाइक को लगाया और सामने वाले शीशे पर तीन राउंड फायर कर दिए। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। गाड़ी राठी का ड्राईवर ओमप्रकाश चला रहा था। पुलिस के अनुसार राठी ने किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज प्राप्त करने की कोशिश कर रही है। मौके पर अंधेरा होने की वजह से संदिग्धों की लिस्ट भी तैयार नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि बीती रात 1 बजकर 1 मिनट पर गंगाशहर इंद्रा चौक स्थित नरेंद्र सुराणा के मकान पर भी फायरिंग हुई थी। 24 घंटे से पहले बीकानेर में फायरिंग की दूसरी घटना हुई है।
RELATED ARTICLES
27 October 2026 02:41 PM
15 December 2023 10:29 PM