10 August 2026 05:11 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर में अवैध हथियार रखने का चलन काफी बढ़ चुका है। पता नहीं कब किसके पास अवैध हथियार मिल जाए। करणी नगर निवासी एक युवक के लिए खुद का हथियार ही जानलेवा बन गया।
मामला बीछवाल थाना क्षेत्र के करणी नगर का है। रविवार की अल-सुबह करीब चार बजे करणी नगर निवासी अंकित गुप्ता पुत्र नवीन गुप्ता को हर्षित नाम का युवक पीबीएम के ट्रोमा सेंटर लेकर पहुंचा। अंकित के सीने में गोली लगी थी। हालांकि गोली आर पार नहीं हुई बल्कि फेफड़ों को पंक्चर कर पीछे तक जा चुकी थी। डॉक्टरों ने पीठ के साइड से गोली निकाल दी। अब अंकित खतरे से बाहर है।
बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह ने कहा कि अंकित ने खुद ही खुद को गोली मारी थी, यानी मामला आत्महत्या के प्रयास का बताया जा रहा है। बात आत्महत्या के प्रयास तक ही खत्म नहीं हुई। बीछवाल पुलिस ने अंकित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दिगपाल सिंह ने बताया कि अंकित के पास अवैध पिस्टल व दो कारतूस थे। एक उसने खुद पर ही चला लिया। अंकित अभी अस्वस्थ है, स्वास्थ्य सुधार के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
लेकिन अंकित द्वारा खुद पर गोली चलाने की वजह अभी भी स्पष्ट नहीं है। सवाल यह है कि अंकित ने आधी रात के बाद खुद पर गोली क्यों चलाई? क्या उस समय किसी से उसकी बात हो रही थी? क्या उसने आवेश या दुख में गोली चलाई? घटना देर रात की है। ऐसे में सवाल यह भी है कि हर्षित नाम का युवक अंकित के पास कैसे पहुंचा ? क्या किसी ने उसे फोन किया था ?? इन सब से भी बड़ा सवाल कि आखिर अंकित अवैध हथियार किससे लाया? क्या उसका कोई ग़लत कनेक्शन है?कई सारे सवाल है, अब देखना यह है कि पुलिस कितने सवालों का जवाब ढ़ूंढ़ पाती है।
RELATED ARTICLES
16 December 2020 10:14 PM