01 March 2026 12:12 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। मौत सत्य है निश्चित है मगर हंसती खेलती ज़िंदगी के कब मौत गले पड़ जाती है, यह बिल्कुल अनिश्चित है। ऐसा ही कुछ शनिवार दोपहर बीकानेर कोर्ट के पास स्थित इंदिरा पार्क में देखने को मिला। यहां पार्क की रेलिंग से फांसी झूलती बालिका का शव मिला। सदर पुलिस के अनुसार बालिका के काले रंग का बुर्का पहना हुआ था। मृतका की पहचान पुरणिया, बिहार व हाल बीकानेर निवासी 10 वर्षीय रूचि पुत्री रमेश कुमार यादव के रूप में हुई।
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि बच्ची की मौत एक हादसा था। पुलिस का अनुमान है कि बच्ची वहां खेलते खेलते पार्क की दीवार से पार्क के अंदर कूद रही होगी। उसने बुर्का पहन रखा था। इसी दौरान बुर्का का एक हिस्सा पार्क की दीवार पर बनी रेलिंगनुमा जड़ों में अटका होगा, जिस वजह से बुर्का फंदे में तब्दील हो गया और उसे फांसी लग गई।
दूसरी तरफ यह भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि बच्ची अकेली थी तो खेल किसके साथ रही थी? बताया जा रहा है कि झूलते शव का मुंह व सिर गले तक बुर्के से ढ़का हुआ था। ऐसे में सवाल यह भी है कि बच्ची मुंह और सिर पूरी तरह से ढ़ककर कैसे दीवार फांद सकती थी? पुलिस को इस मामले में गहन जांच करनी चाहिए। जिन हालातों में बच्ची का शव मिला, वह संदेहास्पद है।
पुलिस का कहना है कि बच्ची खानाबदोश(जिनका कोई घर नहीं होता) है, वह पीबीएम के सामने सड़क किनारे अपने परिवार के साथ रहती थी। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले की गहन जांच करती है या मामला यूं ही समेट लेती है। घटना को लेकर मृतका के पिता रमेश ने पुलिस को रिपोर्ट दी है।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
14 March 2020 05:26 PM