23 November 2020 07:34 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर डीएसटी ने आज फिर एक पंजाब के तस्कर को अवैध मादक पदार्थों के साथ दबोचा है। इसके साथ ही पिछले पांच दिनों में पंजाब के बारह तस्कर डीएसटी के जाल में फंस चुके हैं। एसपी प्रहलाद सिंह कृष्णियां के डायरेक्ट सुपरविजन में काम कर रही जिला स्पेशल टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। जिस पर डीएसटी प्रभारी डीवाईएसपी ईश्वर सिंह के निर्देशन में उनि जय कुमार, कांस्टेबल बिट्टू कुमार, कांस्टेबल मुकेश व कांस्टेबल धारा सिंह ने आसूचना एकत्र करनी शुरू की। मुखबिर की सूचना की पुष्टि होने पर सदर पुलिस को सूचना दी गई।
सदर पुलिस ने डीएसटी के सहयोग से गंगानगर चौराहे पर तस्कर को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान अबोहर फाजिल्का पंजाब निवासी 22 वर्षीय सुखविंद्र सिंह पुत्र बलविंद्र सिंह रायसिख के रूप में हुई है। आरोपी के पास से 780 अवैध नशीली गोलियां व 3 किलो 800 ग्राम पीसा हुआ डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया व किसको सप्लाई करने वाला था, इसकी जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पंजाब में नशे का बड़ा कारोबार होता है। पिछले पांच दिनों में ही पंजाब के 12 तस्कर दबोचे जा चुके हैं, जिनसे पैंतीस हजार नशे की गोलियां व डेढ़ सौ किलो डोडा पोस्त जब्त हुआ। बताया जा रहा है कि पंजाब में बड़ी तादाद में ऐसे तस्कर हैं।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
19 September 2020 03:20 PM