22 May 2021 06:46 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। देशनोक की ओरण परिक्रमा के घुमाव के पास ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रासीसर बड़ा बास निवासी 22 वर्षीय बालकिशन पुत्र मनीराम प्रजापत के रूप में हुई। देशनोक थाने के एच एम जयकिशन मेहरा ने बताया कि घटना को लेकर मृतक के चाचा रूपाराम ने मर्ग दर्ज करवाई है। परिवादी के अनुसार बालकिशन सुबह साढ़े 11 बजे घर से खेत जाने के लिए मोटरसाइकिल पर रवाना हुआ था। ओरण परिक्रमा के घुमाव पर रेलवे लाइन क्रॉस करते वक्त अचानक आगे ट्रेन आ गई। ट्रेन बीकानेर से रवाना हुई थी। बालकिशन दूर जाकर ट्रैक के किनारे गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना क्षेत्र की पुष्टि किए बिना ट्रेन स्टाफ मृतक को नोखा ले गए। बाद में नोखा पुलिस ने बताया कि घटनास्थल देशनोक थाने के अंतर्गत आता है। इस पर पुनः शव को देशनोक सीएचसी भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का ही लग रहा है। उड़ती बात यह भी आई है कि युवक फोन पर बात करते हुए बाइक चला रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद पूरी हकीकत पता चलेगी।
RELATED ARTICLES
16 April 2022 09:26 PM