03 September 2020 09:57 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। फर्जी तरीके से केसीसी उठाने के आरोप में सगे भाई, पटवारी व बैंक मैनैजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मामला दंतौर थाना क्षेत्र का है। जहां रावतसर निवासी कलावती पत्नी जयसिंह स्वामी ने अपने पति के भाई जयपाल स्वामी, तत्कालीन दंतौर हल्का पटवारी भंवरलाल व बैंक ऑफ बड़ौदा के तत्तकालीन मैनेजर पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। परिवादिया का कहना है कि उसकी पांच बीघा जमीन पर जयपाल ने केसीसी उठा ली। इस कार्य में पटवारी व बैंक मैनेजर की मिलीभगत थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 417, 420, 467, 468, 471 व 120 बी भादंसं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जयपाल के नाम से 20 बीघा ज़मीन है वहीं उसके भाई जयसिंह के पास पांच बीघा जमीन है। आरोपी ने अपने भाई के नाम की पांच बीघा जमीन को मिलाते हुए कुल पच्चीस बीघा जमीन पर केसीसी उठा ली। यह केसीसी उसने ब्याज सहित चुका दी। इसी मामले में आरोपी के भाई की पत्नी ने मुकदमा दर्ज करवाया है। प्रथम दृष्टया मैनेजर व पटवारी की मिलीभगत नहीं बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार जयसिंह व जयपाल ये दोनों एक जैसे नाम है, इसी चक्कर में पटवारी ने जमाबंदी दे दी व बैंक ने लोन दे दिया। हालांकि मामले में अनुसंधान जारी है। मामले की जांच थानाधिकारी कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
30 November 2023 02:33 AM