28 August 2021 12:22 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। गंगाशहर में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने शातिर चोर सलीम उर्फ बड़ा खान को दबोच लिया है। आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है। आरोपी ने चोपड़ा स्कूल के सामने स्थित सौरभ सक्सेना के मकान में चोरी की थी। 20 अगस्त को सौरभ अपने परिवार सहित बीकानेर से बाहर गया था। 25 अगस्त की रात 11 बजे घर पहुंचे, तो ताले टूटे हुए थे। गंगाशहर पुलिस को सूचना दी गई। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी टूटी हुई थी। घर से 125200 रूपए नकद सहित 2 जोड़ी पायल, 2 जोड़ी बिछिया, चांदी के सिक्के, नजरिया, सोने के झुमके, नेकलेस, कड़ा, सोने की गिन्नी, नथनी, एप्पल आई फोन गायब था। नकद, आभूषण तथा फोन मिलाकर कुल चोरी करीब पौने चार लाख रूपए की हुई।
परिवादी की किस्मत अच्छी रही कि चोर आसपास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। फुटेज के अनुसार आरोपी 24-25 की रात करीब 1 बजे घर में घुसा, जो वापिस साढ़े तीन बजे निकला। पुलिस ने हुलिया देखते ही चोर को पहचान लिया। थानाधिकारी राणीदान चारण ने बताया कि 27 की शाम को ही आरोपी को दबोच लिया गया। बताया जा रहा कि बड़ा खान ने चार दिनों तक टीवीएस मोटरसाइकिल में सक्सेना के घर की रैकी की थी।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। राणीदान चारण ने बताया कि अब बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर राकेश स्वामी कर रहे हैं।
बता दें कि आरोपी मूल हनुमानगढ़ जिले का है, तथा कई वर्षों से राणीसर बास में रहता है। चार माह पूर्व गंगाशहर पुलिस चाकू सहित आरोपी को दबोचा था। जेल से छूटने के बाद फिर वारदातें करने लगा। इससे पहले भी गंगाशहर के कई मकानों में चोरी की बड़ी वारदातें कर चुका है। आरोपी पहले बंद घरों की रैली करता है। फिर अर्द्धरात्रि के बाद घरों में घुसता है तथा अलसुबह वापिस चोरी कर निकल जाता है। आरोपी इतना शातिर है कि नकद व सोना चांदी ही चोरी करता है। इस वारदात में उसने करीब 70 हजार रूपए कीमत का आईफोन भी चोरी किया था। हम आपके साथ आरोपी का फोटो साझा कर रहे हैं, ताकि आप सावधान रह सकें। बता दें कि बड़ा खान आदतन चोर है, जिस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इसे जेल भिजवाती है मगर जमानत पर छूटते ही फिर से वारदातें कर देता है।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
02 November 2020 09:03 PM