05 October 2021 06:19 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। अधिक पैसा कमाने के लालच में नैतिकता भूले घूसखोर अफसर को श्रीगंगानगर एसीबी ने रंगे हाथों दबोच लिया है। मामला हनुमानगढ़ के लिखमीसर के शराब ठेके से जुड़ा है। लखुवाली, पीलीबंगा निवासी हेतराम पुत्र चेतराम के नाम लिखमीसर में 2021-22 के लिए शराब की कंपोजिट दुकान आवंटित हो रखी है। हेतराम ने आबकारी के सहायक प्रहराधिकारी(असिस्टेंट पेट्रोलिंग ऑफिसर) के खिलाफ एसीबी में बंधी मांगने की शिकायत की। बताया गया कि आरोपी प्रतिमाह दो हजार रूपए की बंधी लेता है। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया। आरोपी सहायक प्रहराधिकारी 52 वर्षीय होशियार सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी करणपुरा, भादरा ने पिछले चार माह की बकाया बंधी 1500 प्रतिमाह के हिसाब कुल 6 हजार में सैटल की। 4 अक्टूबर को सत्यापन के वक्त हजार रुपए लिए। वहीं आज शेष पांच हजार रुपए लेते वक्त रंगे हाथों एसीबी के हत्थे चढ़ गया। बताया जा रहा है कि यह बंधी ठेका चलाने व अवैध ब्रांच चलने देने के बदले लेता था। परिवादी अवैध ब्रांच चलाता है या नहीं, यह भी जांच का विषय है।
उल्लेखनीय है कि ट्रैप की यह कार्रवाई एसपी गगनदीप सिंगला के निर्देशन व उप अधीक्षक वेदप्रकाश लखोटिया के सहयोग से उपाधीक्षक भूपेंद्र कुमार सोनी मय पुलिस निरीक्षक विजेंद्र सीला, एएसआई हंसराज शर्मा, कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल भवानी सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार व कांस्टेबल सुबे सिंह की टीम ने की।

RELATED ARTICLES
18 October 2026 09:12 PM
13 February 2026 02:44 PM