27 June 2022 10:39 PM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर बीजेपी के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने मिशन रोशनी के तहत सराहनीय संगोष्ठी का आयोजन किया। करणी नगर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम व भाजपा शहर जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह थे। वहीं डॉ सिद्धार्थ असवाल, एडवोकेट मुकेश आचार्य व पत्रकार रोशन बाफना बतौर वक्ता मंच पर थे।


चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ सिद्धार्थ असवाल ने चिकित्सकीय दृष्टि से नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि छोटी काशी कहे जाने वाले बीकानेर के 10 से 12 प्रतिशत लोग नशे की गिरफ्तार में आ चुके हैं। असवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशन में मिशन रोशनी चल रहा है। बीजेपी चिकित्सा प्रकोष्ठ मिशन रोशनी के तहत निरंतर नये नये कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

मुख्य अतिथि माधोराम ने नशे को विश्व की सबसे बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने नशे के दुष्परिणामों को समाज में स्वयं देखा है। नशा समाज व देश की प्रगति में बड़ी रुकावट है। माधोराम ने नशा मुक्ति पर आयोजित संगोष्ठी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम लगातार होने चाहिए।
एडवोकेट मुकेश आचार्य ने नशे से जुड़े कानूनी पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस तरह नशा बढने के साथ साथ नशा रोधी कानूनों में बदलाव किए गए। आचार्य ने कहा कि कानून की कमजोरी का फायदा उठाकर भी तस्कर आदि बच जाते हैं।
पत्रकार रोशन बाफना ने कहा कि बीकानेर में जिस तरह से मेडिकल नशा बढ़ रहा है, 2-3 सालों में ही बीकानेर नशे के मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुख्यात हो जाएगा। बाफना ने कहा कि इस वक्त देश बीजेपीमय हैं अधिकतर नागरिक बीजेपी से जुड़े हैं। अगर नशामुक्ति की शुरुआत भाजपा स्वयं अपने घर से करे, तो नशामुक्त बीकानेर और नशा मुक्त देश बनाने में बड़ी सफलता मिल सकती है।
जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि नशा वास्तव में समाज की बड़ी समस्या बन चुका है। उन्होंने वक्ताओं की बात से सहमति जताते हुए नशामुक्ति की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने की आवश्यकता बताई। पत्रकार रोशन बाफना की बात पर सहमति जताते हुए उन्होंने सदन में बैठे समस्त कार्यकर्ताओं सहित नशा मुक्त रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन नीतू आचार्य ने किया।
कार्यक्रम में शैलेन्द्र गुप्ता, इमरान उस्ता, अरविंद शेखावत, माया सोनी, रीना पंवार, निशा पांडे, प्रिया राजवी, मधुरिमा सिंह, मुकेश मारू, विक्रम राजपुरोहित, मुरली आचार्य, शीशराम, अनिल शुक्ला, श्यामसुंदर चौधरी, अशोक प्रजापत, देवकिशन मारू, राजाराम विश्नोई, श्याम पंचारिया, शारदा नायक, प्रमिला गौतम, स्वाति शर्मा सहित कई बीजेपी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
01 November 2023 07:49 AM