09 May 2021 11:01 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कोरोना रोकने की मुहिम में बीकानेर की कोटगेट सब्जी मंडी ने अनुकरणीय पहल की है। मंडी समिति ने सोमवार से मंडी बंद रखने का निर्णय लिया है। यह बंद कम से कम सात दिवस रहेगा। वहीं पुलिस-प्रशासन के निर्देश पर पूरे लॉक डाउन तक भी रखा जा सकेगा। यह पहल तांडव कर रहे कोरोना के खात्मे में मील का पत्थर साबित होगी। बता दें कि सोमवार सुबह 5 बजे से 24 मई तक लॉकडाउन लग रहा है। लेकिन इस दौरान सब्जी-फल व किराणा की दुकानें सुबह 11 बजे तक खुली रहेगी। यहां होने वाली भीड़ सारे किए कराए पर पानी फेर रही है। ऐसे में कोटगेट सब्जी मंडी के दुकानदारों का यह फैसला सराहनीय है। जहां एक ओर लोग कोरोना से हो रही बर्बादी को नजर अंदाज कर धन कमाने को ही महत्व दे रहे हैं वहीं इन दुकानदारों का यह त्याग प्रेरणादायक है। बता दें कि कोतवाली थानाधिकारी नवनीत सिंह की समझाइश के बाद मंडी ने स्वैच्छिक बंद की घोषणा की है।

सब्जी मंडी अध्यक्ष मन्नूलाल कच्छावा के नेतृत्व में दुकानदारों ने कोतवाली थानाधिकारी नवनीत सिंह को सहमति पत्र भी दिया है। मंडी अध्यक्ष ने बताया कि थानाधिकारी को सहमति पत्र देने के दौरान राजकुमार, धनपत सोलंकी, हरिराम गहलोत, गुलजार हुसैन, आबिद हुसैन व तरुण आदि साथ रहे। इस निर्णय में सब्जी मंडी के सभी दुकानदारों का सहयोग रहा है।
RELATED ARTICLES
27 October 2026 02:41 PM
07 August 2020 11:21 PM