30 January 2025 10:00 AM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। नशे के मामले में हद से ज्यादा आगे निकल चुके बीकानेर में लगभग प्रतिदिन नशा तस्करी पर कार्रवाई जारी है। बावजूद इसके नशे पर लगाम नहीं लग पा रही है। बुधवार को बीछवाल पुलिस टीम ने 152 ग्राम एमडी यानी एमडीएमए के साथ दो युवा तस्करों को धर दबोचा। आरोपियों की पहचान तालरिया बास, रासीसर, पुलिस थाना नोखा हाल 6/233 के सामने, गली नंबर 2, राजीव नगर, मुक्ताप्रसाद, मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय सुशील सिहाग पुत्र मनफूलराम विश्नोई व 4 जेएमडी भरूखीरा, जामसर थाना क्षेत्र हाल पानी की टंकी के सामने, भुट्टों का बास, बीकानेर निवासी 19 वर्षीय लादेन पुत्र मुराद खां भुट्टा के रूप में हुई। बीछवाल थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण ने बताया कि सुशील के पास 102 ग्राम व लादेन के पास 50 ग्राम एमडी मिली।
आरोपी लादेन का भाई लालिमान उर्फ तालिबान भी आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है। तालिबान अभी जेल में हैं। वह भी मादक पदार्थों व हथियारों का तस्कर है। उस पर एसपी बीकानेर ने दस हजार का ईनाम घोषित किया था। जिसे जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवाया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक ये एमडी नागौर से लाए थे। नागौर में महेंद्र विश्नोई नाम के व्यक्ति ने उन्हें यह एमडी उपलब्ध करवाई। हालांकि महेंद्र विश्नोई बीकानेर के मुक्ताप्रसाद नगर का निवासी ही है।
थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण ने बताया पकड़े गए युवक ये एमडी 4 लाख रूपए में लाए थे, इसकी बाजार कीमत दस लाख रूपए है। आरोपी सीधे नशेड़ियों को पुड़िया बनाकर बेचते हैं। एक ग्राम एमडी में मिलावट करके एक ग्राम से एक एक ग्राम की दस पुड़िया बना लेते हैं। बता दें कि बड़ा पैसा कमाने के लालच में युवा अपनी ज़िंदगी तबाह कर लेते हैं। ख़ास बात यह है कि ये तस्कर कितना भी पैसा कमा लें, इनके पास बचता कुछ नहीं हैं। अपराध करके कमाया पैसा कोर्ट-कचहरी के खर्चों व भाड़े के लोगों को खिलाने पिलाने में ही लग जाता है। जेल भी जाना पड़ता है, ऊपर से सामाजिक प्रतिष्ठा भी खत्म हो जाती है। ऐसे में अंततः ऐसे तस्करों की ज़िंदगी तबाह ही होती है। उल्लेखनीय है कि भुट्टों का बास, जंभेश्वर नगर, भाटों का बास, मुक्ताप्रसाद व मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र के कई इलाके नशा तस्करों के गढ़ हैं। बीकानेर में नशा सप्लाई करने वाले अधिकतर तस्कर यहीं रहते हैं व यहीं से नशा आगे पहुंचाते हैं।
आईजी ओमप्रकाश पासवान व एसपी कावेंद्र सिंह सागर द्वारा चलाए गए अभियान के तहत एएसपी सिटी सौरभ तिवाड़ी व सीओ सदर आईपीएस विशाल जांगिड़ के सुपरविजन व थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर सुशीला मय टीम ने ये कार्रवाई की। टीम में कांस्टेबल भगवानाराम 1263, कांस्टेबल रामनिवास 1922 व संजय कुमार 342 शामिल थे।
RELATED ARTICLES
29 October 2026 10:28 PM
20 March 2020 04:12 PM