20 March 2021 02:54 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई लॉक डाउन व नाइट कर्फ्यू की अफवाह ने आमजन में भय की स्थिति पैदा कर दी है। आर्थिक अस्थिरता की मार झेल रहे नागरिकों के सामने लॉक डाउन की बात भी कहर ढाने जैसी है। वहीं होली के त्योंहार के चौपट होने की आशंकाएं भी डराने लगी। यह सब तब हो रहा है जब देश-दुनिया सहित प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। लेकिन राज्य सरकार व जिला प्रशासन की तरफ से अभी तक नाइट कर्फ्यू अथवा लॉक डाउन को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। बीकानेर सहित प्रदेश में फिलहाल कोई पाबंदी नहीं है, हालांकि सरकार ने कोरोना से बचाव हेतु मास्क पहनने, सेनेटाइजेशन सहित कोरोना गाइडलाइंस की सख्ती से पालना के निर्देश दिए हैं। बिना मास्क घर से निकलने पर पूरी तरह पाबंदी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार शाम को धर्मगुरुओं, राजनीतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ भी चर्चा की। इस दौरान गहलोत ने कहा कि देश और दुनिया में कई जगह लॉक डाउन लगाना पड़ा है। प्रदेश में ऐसी नौबत ना आए, इसलिए सब को अभी से संभलना होगा।
वहीं दूसरी ओर प्रशासन व पुलिस की तरफ से आमजन को मास्क, सेनेटाइजर आदि के प्रयोग के लिए जागरुक भी किया जा रहा है। बीकानेर में भी आज पुलिस समझाइश करती दिखी। गंगाशहर थानाधिकारी राणीदान चारण ने मुख्य बाजार पहुंचकर कोरोना से बचाव के लिए मास्क व सेनेटाइजर के प्रयोग की अपील की।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में तीन हजार एक्टिव मामले थे। वहीं शुक्रवार को 402 नये पॉजिटिव सामने आए। बीकानेर में भी इस सीजन का रिकॉर्ड बन गया। यहां शुक्रवार को कुल 17 पॉजिटिव पाए गए, जिनमें से दो चुरू के थे। वहीं 15 पॉजिटिव ट्रेन से बीकानेर पहुंचे यात्रियों में से थे। वहीं शनिवार को भी बीकानेर में चार नये पॉजिटिव पाए गए। इनमें से एक बेलासर, एक कोलायत व दो बागड़ी मोहल्ले के हैं। बेलासर का पॉजिटिव बाहर से बीकानेर लौटा था। वहीं अन्य तीनों यहीं से संक्रमित हुए।
RELATED ARTICLES
27 September 2026 02:38 PM
31 July 2020 06:41 PM