06 December 2025 11:31 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर में नशा अपने चरम पर है। नशा मिलने के ठिकाने अब परचून की दुकानों की तरह जगह जगह हैं। इस बीच बीकानेर संभाग आईजी हेमंत शर्मा ने नशे के खिलाफ अभियान चला रखा है। शनिवार को आईजी की स्पेशल टीम व सेरूणा पुलिस, जोधपुर व एएनटीएफ द्वारा की गई कार्रवाईयों से फिर से नशे के खात्मे की छोटी सी उम्मीद जगी है।
आईजी हेमंत शर्मा के निर्देशन में अलग अलग टीमों ने शनिवार को करीब 924 किलो डोडा पोस्त पकड़ा। पहली कार्रवाई एएनटीएफ, जोधपुर व सेरूणा थाना पुलिस ने मिलकर की। इस संयुक्त कार्रवाई के तहत सेरूणा थाना क्षेत्र से गुजर रहे ट्रेलर नंबर आर जे 19 जीजे 1790 को काबू किया गया। ट्रेलर में 838 किलो 950 ग्राम डोडा निकला। यह ट्रेलर मलकी की ढ़ाणी, कपूरड़ी, बालोतरा निवासी 21 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र भंवरा राम के कब्जे से जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई आईजी की रेंज स्पेशल टीम द्वारा सीआई संदीप पूनिया के नेतृत्व में की गई। टीम ने श्रीगंगानगर के राजियासर इलाके में दो डोडा तस्करों को धर दबोचा। वहीं तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी होंडा सिटी में डोडा भरकर ले जा रहे थे। वहीं स्विफ्ट कार से होंडा सिटी को एस्कोर्ट किया जा रहा था। पुलिस को होंडा सिटी में 85 किलो 700 ग्राम डोडा मिला।
आरोपियों की पहचान खीरवा, बाप, फलौदी निवासी 29 वर्षीय अशोक पुत्र बंशीलाल, लोहावट निवासी अनिल पुत्र मोहनराम विश्नोई व रेण मल्लार, फलौदी निवासी सुनील पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई के रूप में हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दोनों गैंग के नेटवर्क की खोजबीन की जा रही है।



RELATED ARTICLES
26 October 2026 03:06 PM
19 December 2021 12:00 AM