25 January 2022 12:24 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। वर्षों से परिजनों के लिए तरसते अज्ञात युवक की मौत हो गई है। मामला नोखा के अपना घर आश्रम से जुड़ा है। नोखा थाने के एएसआई शंभु सिंह ने बताया कि 23 जनवरी की दोपहर युवक आश्रम में ही गिर गया था। उसे पीबीएम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव पीबीएम मोर्चरी में रखवाया गया। अब शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। युवक की उम्र करीब 20-22 वर्ष है। वह मनोरोगी था।
दरअसल, 2015 में यह युवक जोधपुर के अपना घर आश्रम से नोखा अपना घर आश्रम में शिफ्ट किया गया था। उससे पहले जोधपुर के अपना घर आश्रम में था। जोधपुर आश्रम को यह युवक गंदा पानी पीते हुए मिला था जब वह बालक था। पुलिस के अनुसार अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई।
उल्लेखनीय है कि इस तरह के कई अज्ञात हैं, जो आज भी परिजनों के प्यार को तरस रहे हैं। कहीं परिजन अपनाना नहीं चाहते तो कहीं संबंधित द्वारा इनके परिजनों की तलाश में कोशिशें ही बहुत कम होती है। ऐसी संभावना है कि यह युवक जोधपुर या आसपास के इलाकों का निवासी रहा होगा। अगर आप इसे पहचानते हो तो इसकी सूचना नोखा पुलिस, पीबीएम पुलिस चौकी अथवा बीकानेर पुलिस को दे सकते हैं।
RELATED ARTICLES
20 June 2026 09:32 PM
24 February 2022 11:19 AM