24 October 2025 01:53 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। अपराध जिस तरह से बढ़ रहा है, ये कहना मुश्किल है कि बीकानेर का भविष्य क्या है! पुलिस किसी एक संगीन अपराध की गुत्थी सुलझाती नहीं है, उससे पहले ही दूसरा अपराध हो जाता है। नशा, हथियार तस्करी, लूट के साथ अब हत्या जैसे अपराध भी आए दिन होने लग गये हैं। बीती देर रात छत्तरगढ़ में नींद में सोए हुए बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। छत्तरगढ़ थानाधिकारी अनिल झांझरिया के अनुसार मृतक की पहचान 70 वर्षीय गुमाराम मेघवाल के रूप में हुई है। प्रथमदृष्टया हत्या का कारण चोरी माना जा रहा है। वजह, घटनास्थल से 30-35 भेड़ बकरियां भी गायब है।
पुलिस के अनुसार गुमाराम अपनी ढ़ाणी से महज 30 मीटर की दूरी पर स्थित खाली प्लॉट के आगे सोया हुआ था। खाली प्लॉट में भेड़ बकरियां थीं। वहीं मृतक की पत्नी व परिवार ढ़ाणी के अंदर सोया हुआ था।
मृतक जिस खटिया पर सोया हुआ था, वह उसी पर मृत मिला। उसके हाथ पैर बंधे हुए थे। वह मुंह पर टेप लगी थी।
प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि चोरी में खलल ना पड़े, इसलिए सोये हुए गुमाराम को बांधकर मुंह पर टेप लगा दी गई होगी। दूसरी आशंका यह भी है कि गुमाराम ने आरोपियों को देखा होगा, इस वजह से उसे बांधकर व मुंह पर टेप लगाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया हो। गुमाराम की मौत दम घुटने से हुई बताते हैं।
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। बीकानेर संभाग के चारों जिलों में नाकाबंदी करवाई गई है। गायब भेड़ बकरियों की संख्या अधिक है, ऐसे में अनुमान है कि आरोपी एक से अधिक रहे होंगे। वहीं आरोपी बड़े वाहन जैसे ट्रक, लॉड बॉडी या कैंपर में आए होंगे। वाहन एक से अधिक भी हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
RELATED ARTICLES
28 March 2023 01:43 PM