26 April 2022 12:55 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। चौपहिया वाहन चालकों को अब सड़क पर चल रहे पैदल और दुपहिया वाहन चालक कीड़े-मकोड़े लगने लगे हैं। लापरवाही की इंतेहा पार चुके ये चौपहिया वाहन कभी भी किसी को अपनी चपेट में ले लेते हैं। ऊपर से आवाज उठाओ तो दादागिरी भी दिखाते हैं। ऐसा ही एक मामला नयाशहर थाना क्षेत्र से आया है। रत्ताणी व्यास चौक निवासी सुरेश कुमार व्यास व उनकी पत्नी शकुंतला देवी को भी एक बलेनो कार ने चपेट में ले लिया। दुर्घटना में सुरेश व्यास के एक पैर के घुटने तथा दूसरे पैर की चार उंगलियों में फ्रैक्चर हो गया। वहीं शकुन्तला देवी के भी चोटें आईं।

शकुन्तला देवी ने नयाशहर पुलिस थाने में बलेनो कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। परिवादिया के अनुसार 23 अप्रेल की रात करीब 8 बजे वह अपने पति के साथ सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल पर बैठकर कोठारी अस्पताल की ओर जा रही थी। तभी देवीसिंह भाटी के घर की ओर से आई तेज गति बलेनो कार ने उनकी मोटरसाइकिल को ठोक दिया। दोनों पति पत्नी नीचे गिरकर घायल हो गए। कार एक युवती चला रही थी, साथ में भी युवतियां बैठी थी। आरोप है कि कार चालक युवती ने कार से उतरकर घायल के साथ गाली गलौच की। अभद्र व्यवहार किया। अपनी ग़लती स्वीकार करने की जगह कहा कि जो करना हो कर लेना।
नयाशहर पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 279 व 337 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की जांच एएसआई कालूराम पंवार को दी गई है। ख़बर लिखने तक सुरेश कुमार का मेडिकल मुआयना करवाया जा रहा था। बलेनो कार आचार्य चौक निवासी की बताई जा रही है।
RELATED ARTICLES
26 September 2026 11:39 PM
18 November 2020 02:01 PM