27 January 2026 10:40 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बेरोजगारी, कामचोरी और नशे ने बीकानेर में अपराध की प्रवृत्ति बढ़ा दी है। अब हालात यह है कि चहल-पहल वाले मोहल्लों में भी बदमाश लूटमार करने से नहीं डर रहे। कोतवाली थाना इलाके के बांठिया चौक में महिला को मारने की कोशिश व लूट की वारदात होने की ख़बर है। वारदात मंगलवार रात 7 बजकर 12 मिनट की है। बांठिया चौक निवासी सुरेश बांठिया के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया है। सुरेश बांठिया की पत्नी पुष्पा देवी बांठिया की गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई। बदमाश सोने के कंगन व सोने की चेन लूट ले गया।
ये है पूरी घटना: पीड़ित परिवार के अनुसार वारदात के वक्त सुरेश बांठिया कुछ देर के लिए बाहर गए थे। पीछे पुष्पा देवी घर में अकेली थी। शाम सात बजे बाद दूध वाला आया, वह दूध देकर निकला उसी वक्त एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा। उसने पूछा सुरेश भाईजी है क्या? पुष्पा देवी ने कहा नहीं है। अज्ञात व्यक्ति नंबर मांगते मंगते आंगन में आने लगा। इस पर पुष्पा देवी कमरे के दरवाजे तक आई और अज्ञात व्यक्ति को घर में ना आने को कहा। अज्ञात ने मुंह पर नकाब बांध रखा था। उसने कहा, सुरेश भाईजी के नंबर दो, बात करनी है। पुष्पा देवी के मना करने और घर से जाने का कहने पर ही वह नहीं रुका। आरोपी कमरे के दरवाजे तक आ धमका। देखते ही देखते पुष्पा देवी की गर्दन पकड़कर उन्हें बलपूर्वक आंगन के वॉश बेसिन के पास ले गया। यहां पुष्पा देवी को नीचे पटककर खुद पेट पर बैठ गया। आरोपी ने पुष्पा देवी का गला दबाया। वह बेहोश हो गई। जब उन्हें होश आया तब हाथों के कंगन व गले की चेन गायब थी। वहीं नाक में पहनी हीरे की नथ दूर गिरी मिली।
पुलिस ने करवाई नाकाबंदी: सूचना पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गये। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। सीओ अनुज डाल ने कहा कि चार टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की गई है। नाकाबंदी करवाई गई है।
-आरोपी हो सकता है कोई नजदीकी: सुरेश बांठिया के अनुसार वह घर से बाहर कम ही निकलते हैं। पांच सात दिनों में एक बार निकलते हैं। आज कई दिनों बाद कुछ देर के लिए घर से निकले थे। पीछे से यह वारदात हो गई।
अनुमान है कि आरोपी कोई नजदीकी व्यक्ति हो सकता है। जिस तरह से सुरेश बांठिया के घर से निकलते ही डॉट टाइम पर आरोपी ने घर में एंट्री की उससे यह प्रतीत होता है कि आरोपी ने फुल प्रूफ प्लानिंग बना रखी थी।
अब देखना यह है कि पुलिस आरोपी को कब तक पकड़ पाती है। बता दें कि यह घटना बेहद गंभीर है। अगर पुष्पा देवी बेहोश नहीं होती तो अनहोनी हो सकती थी। देखें वीडियो
RELATED ARTICLES
10 September 2026 04:56 PM
27 December 2022 10:27 PM